प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। थाना थराली क्षेत्र से लापता हुई नाबालिग बालिका को चमोली पुलिस ने देहरादून से सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। जानकारी के अनुसार दिनांक 07 अक्टूबर 2026 को बालिका के पिता ने थाना थराली में तहरीर देकर बताया कि उनकी नाबालिग पुत्री दिनांक 01 अक्टूबर 2026 को घर से कॉलेज जाने के लिए निकली थी लेकिन वापस घर नहीं लौटी। परिजनों ने बालिका की काफी खोजबीन की लेकिन उसका कोई पता नहीं चल पाया। तहरीर के आधार पर थाना थराली में अभियोग पंजीकृत कर मामले की जांच शुरू की गई। प्रकरण की संवेदनशीलता और नाबालिग बालिका से संबंधित होने के कारण पुलिस ने उसकी तलाश के लिए प्रभावी प्रयास किए। थाना थराली से उपनिरीक्षक देवेन्द्र कुमार भारती के नेतृत्व में पुलिस टीम ने एसओजी की सहायता से गुमशुदा बालिका के मोबाइल नंबर की कॉल डिटेल और लोकेशन का विश्लेषण करते हुए सुरागरसी-पतारसी की। पुलिस टीम के निरंतर प्रयासों के फलस्वरूप दिनांक 23 अक्टूबर 2026 को बालिका को देहरादून क्षेत्र से सकुशल बरामद कर लिया गया। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद बालिका को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। बालिका की बरामदगी में उपनिरीक्षक देवेन्द्र कुमार भारती थाना थराली और कांस्टेबल आशुतोष तिवारी तथा कांस्टेबल रजत एसओजी की भूमिका रही। इस कार्रवाई में महिला होमगार्ड शिवानी जोशी भी पुलिस टीम में शामिल रहीं।
