Spread the love

प्रदीप कुमार
बदरीनाथ-चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। उत्तराखंड के राज्यपाल डॉ ढाल सिंह बिसेन ने शनिवार 24 अक्टूबर 2026 को भू-वैकुण्ठ बदरीनाथ धाम पहुंचकर भगवान बदरी विशाल के दर्शन किए। उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर देश और प्रदेश की सुख-समृद्धि शांति एवं खुशहाली की कामना की। उल्लेखनीय है कि राज्यपाल डॉ ढाल सिंह बिसेन ने 19 अक्टूबर 2026 को लोकभवन देहरादून में प्रदेश के नौवें राज्यपाल के रूप में शपथ ग्रहण की थी। शपथ ग्रहण के बाद यह उनका पहला बदरीनाथ धाम दर्शन कार्यक्रम रहा। बदरीनाथ धाम पहुंचने पर हेलीपैड में जिलाधिकारी गौरव कुमार एवं पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार ने राज्यपाल का स्वागत किया। इस दौरान उन्हें स्मृति चिह्न और हरित पौधा भेंट किया गया। पुलिस के जवानों ने सेरेमोनियल यूनिफॉर्म में राज्यपाल को सलामी दी। राज्यपाल ने पुलिस जवानों के उत्कृष्ट टर्नआउट और सटीक शस्त्र कवायद की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। भगवान बदरी विशाल के दर्शन और पूजा-अर्चना के बाद राज्यपाल ने मंदिर परिसर में उपस्थित श्रद्धालुओं का अभिवादन स्वीकार किया। इस दौरान जिलाधिकारी गौरव कुमार और पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने उन्हें बदरीनाथ धाम मास्टर प्लान के अंतर्गत संचालित विभिन्न निर्माण एवं विकास कार्यों की प्रगति से भी अवगत कराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *