प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी के निर्देशों पर पौड़ी पुलिस द्वारा सभी थाना क्षेत्रों में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के दौरान शराब पीकर वाहन चलाने वाले आठ वाहन चालकों के वाहनों को सीज किया गया। इनमें कोटद्वार क्षेत्र के छह और यातायात कोटद्वार के दो वाहन चालक शामिल हैं। संबंधित चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई भी की जा रही है। इसके साथ ही रैश ड्राइविंग और निर्धारित गति सीमा से अधिक गति से वाहन चलाने वाले 17 चालकों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 133 वाहन चालकों के चालान किए गए। पौड़ी पुलिस द्वारा सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
