Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। टिहरी गढ़वाल मुख्यालय स्थित विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल की अध्यक्षता में हथकरघा हस्तशिल्प एवं लघु उद्योग श्रेणी के अंतर्गत जिला स्तरीय पुरस्कारों के लिए चयन प्रक्रिया आयोजित की गई। इसमें विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले उद्यमियों एवं शिल्पकारों को प्रथम और द्वितीय पुरस्कार के लिए चयनित किया गया। हथकरघा श्रेणी में ढालवाला निवासी रंजनी देवी को बिच्छू घास से निर्मित मफलर के लिए प्रथम पुरस्कार हेतु चयनित किया गया जबकि चंबा निवासी नत्थी लाल को शॉल निर्माण के लिए द्वितीय पुरस्कार के लिए चुना गया। हस्तशिल्प श्रेणी में ग्राम खंडोगी निवासी दिनेश लाल को पहाड़ी तिबार एवं सुरकंडा मंदिर की कलाकृति के लिए प्रथम पुरस्कार दिया जाएगा जबकि नरेंद्रनगर निवासी उषा देवी को क्रोशिया से निर्मित बेबी स्वेटर एवं फ्लावर पॉट के लिए द्वितीय पुरस्कार हेतु चयनित किया गया। लघु उद्योग श्रेणी में मैसर्स सुरईया वेंचर्स प्राइवेट लिमिटेड घनसाली को प्रथम पुरस्कार तथा मैसर्स हिमालय सुपरफार्मर्स इनोवेंचर्स को द्वितीय पुरस्कार के लिए चयनित किया गया। चयनित उद्यमियों एवं शिल्पकारों को ये पुरस्कार राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर 9 नवंबर को प्रदान किए जाएंगे। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले को छह हजार रुपये तथा द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले को चार हजार रुपये की धनराशि दी जाएगी। इन पुरस्कारों का उद्देश्य जनपद में पारंपरिक हस्तकला और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देना है। इसके साथ ही स्वरोजगार एवं लघु उद्योगों को प्रोत्साहित करना तथा स्थानीय कारीगरों और उद्यमियों के उत्कृष्ट कार्यों को पहचान दिलाना भी इसका प्रमुख उद्देश्य है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *