Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन 2027 के दृष्टिगत जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में रिटर्निंग ऑफिसर और सहायक रिटर्निंग ऑफिसर सहित विभिन्न समितियों के नोडल एवं सहायक नोडल अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में निर्वाचन संबंधी तैयारियों अधिकारियों के दायित्वों मतदान केंद्रों की स्थिति और मतदाता जागरूकता गतिविधियों की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्वाचन संबंधी तैयारियों के लिए कार्ययोजना तैयार कर समयबद्ध ढंग से कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी निर्वाचन संबंधी अपने दायित्वों का निर्वहन निर्धारित मैनुअल और दिशा-निर्देशों के अनुसार करें। नामित नोडल एवं सहायक नोडल अधिकारी अपने कार्यों की प्रकृति के अनुसार तैयारियां समय से पूरी कर लें। बैठक में निर्वाचन कार्यों के लिए नामित नोडल एवं सहायक नोडल अधिकारियों के स्थानांतरण के संबंध में भी चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जिन विभागों ने अभी तक निर्वाचन कार्यों के लिए कार्मिकों की सूची उपलब्ध नहीं कराई है वे तत्काल सूची उपलब्ध कराएं। जिन विभागों द्वारा पूर्व में सूची दी जा चुकी है और सूची में शामिल कार्मिकों का स्थानांतरण हो गया है वे उनके स्थान पर तैनात नए कार्मिकों के नाम सहित संशोधित सूची भी उपलब्ध कराएं। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जनपद की प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में एक मॉडल पोलिंग बूथ बनाया जाए। इसके साथ ही प्रत्येक निकाय में एक-एक महिला बूथ बनाया जाएगा। उन्होंने मतदान केंद्रों की स्थिति की समीक्षा करते हुए कहा कि जिन बूथों पर मरम्मत अथवा अन्य सुधार कार्य किए जाने हैं उन्हें समय से पूरा कराया जाए ताकि निर्वाचन के दौरान मतदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने व्यवस्थित निर्वाचन प्रक्रिया के लिए मतदाता जागरूकता गतिविधियों को बढ़ाने के निर्देश दिए। विशेष रूप से स्वीप कार्यक्रम के तहत विगत निर्वाचन में कम मतदान प्रतिशत वाले क्षेत्रों में व्यापक प्रचार-प्रसार कर मतदाताओं को मतदान के प्रति जागरूक किया जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में मतदाता जागरूकता गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने को कहा। बैठक में निर्वाचन से संबंधित विभिन्न समितियों की तैयारियों और जिम्मेदारियों पर भी चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित नोडल एवं सहायक नोडल अधिकारियों को अपने-अपने दायित्वों के अनुरूप कार्य करते हुए निर्वाचन की आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल और मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.राम प्रकाश सहित समस्त उपजिलाधिकारी तथा नोडल एवं सहायक नोडल अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *