Spread the love

प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। 30 अक्टूबर 2026 को दोपहर के समय ट्रांस भारत एविएशन प्राइवेट लिमिटेड का हेलीकॉप्टर वीटी-एचसीएक्स बद्रीनाथ धाम से सहस्त्रधारा देहरादून के लिए लौटते समय ज्योतिर्मठ क्षेत्र के हाथी पर्वत के समीप दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। हेलीकॉप्टर में कर्नाटक निवासी पांच श्रद्धालु और दिल्ली निवासी पायलट कैप्टन हिमांशु सहित कुल छह लोग सवार थे। हादसे की सूचना मिलते ही चमोली पुलिस एसडीआरएफ एनडीआरएफ भारतीय सेना आईटीबीपी एवं जिला प्रशासन की संयुक्त टीम तत्काल राहत एवं बचाव कार्य में जुट गई। दुर्घटनास्थल अत्यंत दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र और घने जंगलों के बीच स्थित होने के कारण रेस्क्यू अभियान बेहद चुनौतीपूर्ण रहा। कठिन भौगोलिक परिस्थितियों खराब मौसम बर्फबारी और अंधेरे के बावजूद रेस्क्यू टीमों ने पूरी रात पैदल ट्रेक करते हुए घटनास्थल तक पहुंचने और बचाव कार्य को अंजाम देने के लिए अथक प्रयास किए। मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों और अत्यधिक अंधेरा होने के कारण शुक्रवार रात्रि को अभियान अस्थायी रूप से रोकना पड़ा। शनिवार सुबह करीब पांच बजे से दोबारा रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। संयुक्त टीमों के अथक प्रयासों से सभी छह लोगों के शवों को कठिन पैदल ट्रेक के माध्यम से सुरक्षित नीचे लाया गया और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ज्योतिर्मठ पहुंचाया गया। यहां चिकित्सकों ने सभी छह लोगों को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद चमोली पुलिस द्वारा सभी छह मृतकों के शवों को हेलीकॉप्टर के माध्यम से पोस्टमार्टम के लिए एम्स ऋषिकेश भेजने की व्यवस्था की गई। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे। कठिन भौगोलिक परिस्थितियों और खराब मौसम के बीच चमोली पुलिस सहित सभी संयुक्त रेस्क्यू टीमों ने लगातार प्रयास कर अभियान को पूरा किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *