प्रदीप कुमार
बहादराबाद-हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। कोतवाली बहादराबाद क्षेत्र में नाबालिग पुत्री के साथ अश्लील एवं आपत्तिजनक हरकतें करने के आरोप में पुलिस ने उसके पिता के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर त्वरित कार्रवाई करते हुए हिरासत में लिया है। 31 अक्टूबर 2026 को एक महिला ने कोतवाली बहादराबाद में अपने पति के विरुद्ध शिकायत दर्ज कराई। महिला ने आरोप लगाया कि उसका पति पिछले लगभग एक वर्ष से अपनी 16 वर्षीय नाबालिग पुत्री के साथ अश्लील एवं आपत्तिजनक हरकतें करता आ रहा है। इसके अतिरिक्त आरोपी महिला और उसके बच्चों के साथ आए दिन गाली-गलौज एवं मारपीट भी करता है। महिला ने बताया कि आरोपी को कई बार समझाने और उसकी हरकतों का विरोध करने के बावजूद वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आया। आरोपी की इन हरकतों के कारण नाबालिग बालिका भय और मानसिक पीड़ा में रहने लगी। मामले की गंभीरता और नाबालिग बालिका की सुरक्षा को देखते हुए बहादराबाद पुलिस ने महिला की शिकायत के आधार पर आरोपी पिता के विरुद्ध पॉक्सो अधिनियम सहित अन्य प्रासंगिक कानूनी प्रावधानों में मुकदमा दर्ज किया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के आदेशानुसार पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए विवेचक के नेतृत्व में पुलिस टीम को आरोपी की तलाश में उसके किराये के मकान पर भेजा। पुलिस टीम को आरोपी घर पर ही मौजूद मिला। पुलिस ने उसे दर्ज मुकदमे की जानकारी देते हुए नियमानुसार हिरासत में ले लिया। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक ज्योति नेगी कांस्टेबल अरुण चमोली और कांस्टेबल बलवन्त सिंह शामिल रहे।
