प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के दृष्टिगत धर्मनगरी हरिद्वार को स्वच्छ सुंदर एवं व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से संचालित विशेष स्वच्छता महाअभियान रविवार को 12वें दिन भी जारी रहा। कुंभ मेलाधिकारी सोनिका एवं जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में चलाए जा रहे इस विशेष स्वच्छता अभियान में स्वयंसेवी संस्थाओं सामाजिक संगठनों धार्मिक संस्थाओं संत समाज औद्योगिक इकाइयों व्यापारिक प्रतिष्ठानों नगर निगम जिला पंचायत आपदा प्रबंधन एवं जिला स्तरीय अधिकारियों का पूर्ण सहयोग प्राप्त हो रहा है। रविवार को विशेष स्वच्छता अभियान सुभाष घाट परशुराम घाट डामकोठी हरकी पौड़ी सहित अन्य क्षेत्रों में चलाया गया। इसमें नगर निगम आपदा प्रबंधन जिला प्रशासन उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी परिवार समिति भारतीय योग संस्थान परशुराम अखाड़ा भारत स्काउट एंड गाइड और सेतु फाउंडेशन सहित विभिन्न संस्थाओं के सदस्यों एवं कार्मिकों ने प्रतिभाग किया। अभियान के दौरान घाटों और आसपास के क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर साफ-सफाई की गई। इस दौरान जेसीबी और ट्रैक्टर-ट्रॉली की सहायता से टनों कूड़ा एवं अपशिष्ट एकत्रित किया गया। एकत्रित कूड़े को उचित निस्तारण के लिए नगर निगम को सौंपा जा रहा है। जिला प्रशासन द्वारा कुंभ मेला-2027 से पूर्व हरिद्वार के गंगा घाटों मंदिर परिसरों सार्वजनिक स्थलों एवं आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। स्वच्छता अभियान के माध्यम से सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई सुनिश्चित करने के साथ ही आमजन को स्वच्छता के प्रति जागरूक कर अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने के लिए प्रेरित भी किया जा रहा है। जिला प्रशासन ने आमजन एवं सामाजिक संगठनों से अपील की है कि वे इस विशेष स्वच्छता महाअभियान में बढ़-चढ़कर प्रतिभाग करें। गंगा घाटों एवं सार्वजनिक स्थलों पर कूड़ा-कचरा न फैलाएं तथा कपड़ों एवं अन्य अपशिष्ट सामग्री को गंगा में प्रवाहित करने के बजाय निर्धारित स्थानों पर ही जमा कराएं ताकि उनका उचित निस्तारण किया जा सके। प्रशासन ने कहा कि जनसहभागिता और सामूहिक प्रयासों से ही कुंभ मेला-2027 से पूर्व हरिद्वार को स्वच्छ सुंदर एवं व्यवस्थित बनाया जा सकता है।
