प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। त्योहारी सीजन के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन तथा खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के दल ने रविवार को श्रीनगर क्षेत्र में संयुक्त जांच अभियान चलाया। इस दौरान विभिन्न मिठाई विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों से मलाई बर्फी मिल्क केक मावा बेसन लड्डू और आटा लड्डू सहित कुल छह खाद्य नमूने जांच के लिए एकत्र किए गए। जांच अभियान के दौरान मिठाई विक्रेताओं एवं अन्य खाद्य प्रतिष्ठान संचालकों को अपने प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई बनाए रखने गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थों का विक्रय करने तथा मिठाइयों पर निर्माण एवं उपयोग की अंतिम तिथि स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए। सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा पीसी जोशी ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में चलाए गए अभियान के तहत लिए गए नमूनों को जांच के लिए खाद्य विश्लेषणशाला रुद्रपुर भेजा जाएगा। प्रयोगशाला से प्राप्त जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं स्वच्छता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से इस प्रकार के जांच अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे। अभियान में प्रभारी तहसीलदार दीपक भंडारी वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी संदीप मिश्रा सहित अन्य उपस्थित रहे।
