Spread the love

प्रदीप कुमार
कोटद्वार-पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। जनजातीय गौरव दिवस (1 से 15 नवंबर) के उपलक्ष्य में जिला प्रशासन एवं समाज कल्याण विभाग द्वारा रविवार को कोटद्वार के हल्दूखाता स्थित बोक्सा जनजाति बालिका विद्यालय में बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर बोक्सा जनजाति के लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही विभिन्न सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराया। इस दौरान ग्रामीणों की समस्याएं भी सुनी गईं और संबंधित अधिकारियों को उनके शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए गए। उपजिलाधिकारी कोटद्वार संदीप कुमार की अध्यक्षता में आयोजित शिविर में उद्यान विभाग द्वारा 20 लाभार्थियों को निःशुल्क सब्जी के बीज वितरित किए गए जबकि कृषि विभाग ने 7 लोगों को कृषि यंत्र उपलब्ध कराए। दो लाभार्थियों को किसान सम्मान निधि का लाभ दिलाया गया तथा 20 लोगों के आधार कार्ड बनाए गए। शिविर में प्राप्त समस्याओं में से अधिकांश का मौके पर ही समाधान किया गया। उपजिलाधिकारी ने विभागों को शेष समस्याओं का निस्तारण एक सप्ताह के भीतर करने के निर्देश दिए। शिविर में बोक्सा जनजाति की प्रतिनिधि प्रभा देवी एवं महेंद्र सिंह ने बारातघर और पीएम जनमन हॉस्टल के संचालन में स्थानीय लोगों की सहभागिता बढ़ाने तथा उन्हें रोजगार के अवसरों से जोड़ने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि इससे क्षेत्रीय लोगों को आजीविका के अवसर उपलब्ध होने के साथ ही समुदाय के आर्थिक सशक्तिकरण को भी बढ़ावा मिलेगा। इस अवसर पर छात्रावास अधीक्षक राजेन्द्र सिंह पाल ने पीएम जनमन आवासीय छात्रावास की सुविधाओं व्यवस्थाओं एवं संचालन संबंधी जानकारी साझा की। कार्यक्रम का संचालन सहायक समाज कल्याण अधिकारी संजीव पाल ने किया। शिविर में तहसीलदार राजेन्द्र सनवाल नगर निगम पार्षद जेपी बहुखण्डी एवं मनीष नैथानी सहायक नगर आयुक्त चंद्रशेखर शर्मा विद्यालय की प्रधानाचार्या कंचन रावत सहित उद्यान राजस्व कृषि बाल विकास पेयजल विद्युत एवं पूर्ति विभागों के अधिकारी-कर्मचारी तथा क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *