प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में लखवाड़ बांध परियोजना से प्रभावितों की समस्याओं एवं मांगों को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में संघर्ष संयुक्त समिति जौनपुर-जौनसार के प्रतिनिधियों ने परियोजना से प्रभावित परिवारों की विभिन्न समस्याओं एवं मांगों को जिलाधिकारी के समक्ष रखा। बैठक में मुख्य रूप से यूजेवीएन लिमिटेड द्वारा युवाओं के स्थायी रोजगार के लिए 40 पदों को फ्रीज करने तथा 400 अन्य पदों को अनफ्रीज कर भर्ती विज्ञापन जारी करने की मांग उठाई गई। इसके साथ ही यूजेवीएनएल के लखवाड़ बांध कार्यालय और अतिथि गृह सहित अन्य स्थानों पर प्रभावित युवाओं को कॉन्ट्रैक्ट आधार पर नियुक्ति देने की मांग भी रखी गई। इसके अतिरिक्त लखवाड़ बांध परियोजना से पूर्ण प्रभावित ग्राम रणोगी और कुन्ना एवं लोहारी के विस्थापन तथा पूर्व में अधिग्रहित भूमि के संबंध में प्रभावित काश्तकारों को अनुग्रह राशि का भुगतान करने की मांग की गई। प्रभावितों ने परिसंपत्तियों का मूल्यांकन करने के साथ घराट एवं अन्य व्यावसायिक परिसंपत्तियों का मूल्यांकन कर प्रतिकर दिए जाने की मांग भी उठाई। प्रतिनिधियों ने परिवार गणना वर्ष 2023 की विसंगतियों को दूर करने और कृषि मजदूरी की दर वर्तमान दरों के अनुरूप निर्धारित करने तथा परिवार गणना की कटऑफ वर्ष 2026 किए जाने की मांग रखी। इसके अलावा लखवाड़ बांध से नई अधिग्रहित भूमि के प्रभावित काश्तकारों के लिए जमरानी बांध की पुनर्वास एवं पुनर्स्थापन नीति के अनुरूप नीति निर्धारित करने तथा कैंपटी बाजार की बाजार दरों के आधार पर नई अधिग्रहित भूमि की दरें तय करने की मांग भी जिलाधिकारी के समक्ष रखी गई। जिलाधिकारी ने समिति के प्रतिनिधियों की सभी मांगों एवं समस्याओं को धैर्यपूर्वक और संवेदनशीलता के साथ सुना। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन मुआवजा प्रकरणों में सभी अभिलेख एवं औपचारिकताएं पूर्ण हो चुकी हैं उनकी फाइलें मुआवजा भुगतान के लिए शीघ्र अग्रसारित की जाएं। रोजगार के संबंध में जिलाधिकारी ने संघर्ष संयुक्त समिति के अध्यक्ष एवं सचिव से प्रभावित परिवारों का समेकित डेटाबेस तैयार कर उपलब्ध कराने को कहा ताकि रोजगार के लिए पात्र युवाओं का विवरण संबंधित कंपनी को उपलब्ध कराया जा सके और रोजगार संबंधी प्रक्रिया को व्यवस्थित रूप से आगे बढ़ाया जा सके। बैठक में उपजिलाधिकारी धनौल्टी आईएएस अंशुल और राजस्व विभाग से एसएलएओ नीलू चौहला एवं बीना सेमवाल तथा यूजेवीएनएल से डीजीएम शिवदास और जेई संजय रावत एवं ईई सिविल प्रकाश चौहान उपस्थित रहे। इसके अलावा समिति के अध्यक्ष महिपाल सिंह और उपाध्यक्ष आनंद सिंह तोमर तथा कंडी गांव के प्रधान आनंद सिंह रावत एवं सह सचिव सुरेश रावत और सदस्य जसपाल सिंह सहित अन्य संबंधित लोग मौजूद रहे।
