Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा आमजन एवं यात्रियों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से टिहरी पुलिस द्वारा जनपद में लगातार वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 03 नवंबर 2026 को थाना लंबगांव पुलिस टीम ने चेकिंग के दौरान सतर्कता एवं तत्परता का परिचय देते हुए एक बड़ी संभावित सड़क दुर्घटना को समय रहते टाल दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह उत्तरकाशी से श्रीनगर गढ़वाल की ओर जा रही यात्री बस संख्या यूके 10 पीए 1010 (जय काशी विश्वनाथ सेवा) को सुबह लगभग 09:30 बजे थाना लंबगांव पुलिस टीम ने चेकिंग के लिए रोका। चेकिंग के दौरान पुलिस टीम को बस चालक की गतिविधियों एवं व्यवहार पर संदेह हुआ कि वह शराब के नशे में वाहन चला रहा है। पुलिस टीम ने बिना किसी देरी के एल्कोमीटर मशीन से चालक की जांच की जिसमें उसके अत्यधिक शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई। चालक की इस लापरवाही से बस में सवार यात्रियों की जान-माल को गंभीर खतरा हो सकता था और किसी बड़ी सड़क दुर्घटना की आशंका बनी हुई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए लंबगांव पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए चालक को गिरफ्तार कर निरुद्ध किया तथा उसके विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के अंतर्गत वैधानिक कार्रवाई की। यात्री बस को भी नियमानुसार कब्जे में लिया गया। वहीं बस में सवार यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और उनकी यात्रा सुरक्षित रूप से जारी रह सके इसके लिए पुलिस टीम ने तत्काल वैकल्पिक वाहन की व्यवस्था कराई। इसके बाद सभी यात्रियों को सकुशल उनके गंतव्य के लिए रवाना किया गया। लंबगांव पुलिस की इस त्वरित और सतर्क एवं जिम्मेदार कार्रवाई से न केवल यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित हुई बल्कि शराब के नशे में वाहन चलाने से होने वाली एक संभावित बड़ी दुर्घटना को भी समय रहते टाल दिया गया। पुलिस की इस पहल पर बस में सवार यात्रियों ने टिहरी पुलिस का आभार व्यक्त करते हुए पुलिस टीम की प्रशंसा की। टिहरी पुलिस ने आमजन एवं सभी वाहन चालकों से अपील की है कि शराब अथवा किसी भी प्रकार के नशे का सेवन कर वाहन बिल्कुल न चलाएं। वाहन चलाते समय यातायात नियमों एवं निर्धारित गति सीमा का पालन करें। यात्री वाहन चालक अपनी जिम्मेदारी को समझें क्योंकि उनके हाथों में अनेक लोगों की जान और सुरक्षा होती है। यात्रा के दौरान वाहन चालक की गतिविधियां संदिग्ध प्रतीत होने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें। पुलिस ने कहा कि एक छोटी सी लापरवाही किसी की जिंदगी पर भारी पड़ सकती है और सड़क सुरक्षा केवल नियमों का पालन नहीं बल्कि जीवन की रक्षा का संकल्प है। टिहरी पुलिस ने संदेश दिया कि यात्रियों की सुरक्षा उसकी प्राथमिकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *