प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। स्वास्थ्य विभाग पौड़ी द्वारा तंबाकू मुक्त युवा अभियान के अंतर्गत जनता इंटर कॉलेज खिर्सू जामणाखाल में विद्यार्थियों के साथ समूह चर्चा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत परामर्शदाता दुर्गा नेगी ने विद्यार्थियों को तंबाकू एवं अन्य नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को नशे से होने वाली शारीरिक और मानसिक एवं सामाजिक समस्याओं के प्रति जागरूक किया। साथ ही बच्चों को नशे से दूर रहने और नशे से संबंधित गलत आदतों से बचने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने परिवार एवं समाज के अन्य लोगों को भी नशामुक्ति के प्रति जागरूक करने की अपील की। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान किया गया तथा उन्हें आवश्यक परामर्श भी प्रदान किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों एवं युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा तंबाकू मुक्त एवं नशामुक्त समाज के निर्माण में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना था। कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य महेंद्र प्रसाद डोभाल और महिला चिकित्सा अधिकारी डॉ.स्वाती तथा चिकित्सा अधिकारी डॉ.अतुल एवं फार्मासिस्ट प्रदीप रावत सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
