प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। मुख्यमंत्री के ड्रग्स फ्री देवभूमि अभियान को सफल बनाने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल श्वेता चौबे के निर्देशन में जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी एवं बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी नरेंद्रनगर के पर्यवेक्षण में थाना मुनि की रेती पुलिस और एएनटीएफ की संयुक्त टीम ने 03 नवंबर 2026 की रात्रि को तपोवन बैरियर मुनि की रेती पर वाहन चेकिंग अभियान चलाया। चेकिंग के दौरान स्कूटी पर सवार एक युवक को रोककर उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान युवक के कब्जे से 1.020 किलोग्राम अवैध चरस बरामद हुई जिसकी अनुमानित कीमत करीब ढाई लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने मौके से अभिषेक पुत्र पुरुषोत्तम लाल निवासी ग्राम बुड्ढी थाना एवं जिला कुल्लू हिमाचल प्रदेश उम्र 23 वर्ष को गिरफ्तार किया। पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि वह उक्त चरस हिमाचल प्रदेश के शिमला निवासी गुलशन नामक व्यक्ति से खरीदकर लाया था। पुलिस ने अभियुक्त के विरुद्ध थाना मुनि की रेती में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। चरस के परिवहन में प्रयुक्त स्कूटी संख्या UK14TB0588 को भी जब्त कर लिया गया है। गिरफ्तार अभियुक्त को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। पुलिस टीम में थाना मुनि की रेती से उपनिरीक्षक प्रवीन रावत हेड कांस्टेबल विजय प्रताप एवं कांस्टेबल पंकज तोमर शामिल रहे। वहीं एएनटीएफ टीम में उपनिरीक्षक आशीष शर्मा कांस्टेबल रविंद्र एवं कांस्टेबल नज़ाकत शामिल रहे। टिहरी पुलिस ने आमजन से अपील की है कि नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों की सूचना तत्काल पुलिस को दें और नशामुक्त समाज के निर्माण में पुलिस का सहयोग करें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के विरुद्ध कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
