प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित वीसी कार्यालय में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद के सभी नगर निकायों के अधिशासी अधिकारियों के साथ बीडब्ल्यूजी पंजीकरण एवं उससे संबंधित कार्रवाई चालान लिगेसी वेस्ट कूड़ा एकत्रीकरण प्लांट की स्थिति कूड़ा वाहनों में जीपीएस तथा निकायों में आरआरआर सेंटर की स्थापना सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई। बैठक में अधिशासी अधिकारी चंबा प्रशांत द्वारा अवगत कराया गया कि जनपद में कुल 1466 चालान किए गए हैं। इनमें सर्वाधिक 297 चालान चंबा में तथा 249 चालान मुनिकीरेती-ढालवाला में किए गए हैं जबकि सबसे कम 24 चालान नरेंद्रनगर में किए गए हैं। जिलाधिकारी ने सभी निकायों को चालान की संख्या बढ़ाने के साथ ही प्रभावी चालान कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में अवगत कराया गया कि सितंबर 2026 में रिंग फेंस्ड अकाउंट से सभी निकायों को कूड़ा वाहनों में चार कंपार्टमेंट एवं जीपीएस स्थापित करने के लिए धनराशि उपलब्ध कराई गई है। चमियाला एवं लंबगांव की स्थिति के संबंध में मानवेंद्र द्वारा जानकारी दी गई। इस पर जिलाधिकारी ने स्थानीय लोगों के साथ बैठक कर स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा संबंधित क्षेत्रों से लिगेसी वेस्ट हटाने के निर्देश दिए ताकि अप्रोच रोड की चौड़ाई सुनिश्चित की जा सके। बैठक में सभी नगर निकायों द्वारा सोर्स सेग्रीगेशन की स्थिति भी प्रस्तुत की गई। जिलाधिकारी ने सभी निकायों के अधिशासी अधिकारियों को निर्देश दिए कि अपने-अपने क्षेत्रों में गार्बेज वल्नरेबल पॉइंट्स यानी कूड़ा संवेदनशील स्थलों को चिह्नित करें और उनकी फोटोग्राफ सहित पूरा विवरण तैयार कर आगामी बैठक में प्रस्तुत करें। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल डीडीओ मो.असलम अधिशासी अधिकारी चंबा प्रशांत चौधरी ईओ गजा रोहित सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
