प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के निर्देशन एवं स्वास्थ्य विभाग के तत्वावधान में आगामी 18 नवंबर को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर जनपद में 1 से 19 वर्ष आयु वर्ग के कुल 56 हजार 364 बच्चों को कृमिनाशक दवा एल्बेंडाजोल खिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए जनपद के 932 स्कूलों सहित समस्त शिक्षण संस्थानों और 692 आंगनबाड़ी केंद्रों में दवा खिलाने की व्यवस्था की गई है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. पारुल गोयल ने बताया कि राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के सफल आयोजन के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने बताया कि 18 नवंबर को जनपद के 932 स्कूलों सहित सभी शिक्षण संस्थानों और 692 आंगनबाड़ी केंद्रों में 1 से 19 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को कृमिनाशक दवा एल्बेंडाजोल खिलाई जाएगी। उन्होंने शिक्षा विभाग उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग तथा बाल विकास विभाग के साथ ही निजी स्कूलों के प्रबंधकों एवं संचालकों से अपने संस्थानों में लक्षित आयु वर्ग के सभी बच्चों को कृमिनाशक दवा खिलवाकर अभियान को सफल बनाने की अपील की है। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस पर किसी कारणवश दवा खाने से छूट गए बच्चों को 25 नवंबर को आयोजित होने वाले मॉप अप दिवस पर कृमिनाशक दवा खिलाई जाएगी। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि कृमि बच्चों के शरीर के महत्वपूर्ण पोषक तत्वों को नष्ट कर देते हैं जिससे उनके शरीर में खून की कमी और कुपोषण की समस्या हो सकती है। इसके साथ ही बच्चों की वृद्धि एवं विकास में भी रुकावट आती है। इसका उनकी सेहत शिक्षा और कार्यक्षमता पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। उन्होंने बताया कि कृमिनाशक दवा के सेवन से बच्चों की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है तथा स्वास्थ्य एवं पोषण में सुधार होता है। इसके साथ ही एनीमिया की समस्या को नियंत्रित करने में भी मदद मिलती है। उन्होंने एल्बेंडाजोल की खुराक एवं सेवन की जानकारी देते हुए बताया कि 1 से 2 वर्ष आयु के बच्चों को आधी गोली दी जाएगी। इसके लिए गोली को दो चम्मच के बीच रखकर पूरी तरह चूरा करना होगा। वहीं 2 से 3 वर्ष आयु के बच्चों को एक पूरी गोली दो चम्मच के बीच रखकर पूरी तरह चूरा करके खिलाई जाएगी। जबकि 3 से 19 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को एक पूरी गोली चबाकर खाने की सलाह के साथ खिलाई जाएगी। स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों और संबंधित संस्थानों से अभियान में सहयोग करने की अपील की है।
