Spread the love

प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के मालवीय मिशन शिक्षक प्रशिक्षण केंद्र की ओर से आयोजित एक सप्ताह के प्रशिक्षण कार्यक्रम के द्वितीय दिवस पर प्रो.के.श्रीनिवास ने उच्च शिक्षा में कृत्रिम बुद्धिमत्ता की भूमिका पर व्याख्यान दिया। कार्यक्रम का विषय ‘शिक्षा में कृत्रिम बुद्धिमत्ता : संस्थागत बदलाव के लिए शिक्षण शोध नवाचार एवं सहयोग का नया स्वरूप’ है। प्रशिक्षण कार्यक्रम के दूसरे दिन प्रो.के.श्रीनिवास ने ‘भविष्य के लिए तैयार उच्च शिक्षा : अनुभवात्मक शिक्षण शिक्षार्थी-केंद्रित एवं मिश्रित शिक्षण वातावरण तैयार करने में एआई दक्षता का एकीकरण’ विषय पर अपने विचार रखे। व्याख्यान में उन्होंने बताया कि वर्तमान शैक्षणिक परिवेश में एआई दक्षता केवल तकनीकी ज्ञान तक सीमित नहीं है बल्कि यह शिक्षण-अधिगम की प्रक्रियाओं को अधिक प्रभावी संवादपरक एवं शिक्षार्थी-केंद्रित बनाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने प्रयोगात्मक एवं अनुभव आधारित शिक्षण शिक्षार्थी-केंद्रित शिक्षण तथा मिश्रित शिक्षण के विभिन्न आयामों पर विस्तार से चर्चा की। प्रो.श्रीनिवास ने विशेष रूप से कहा कि भविष्य की उच्च शिक्षा में शिक्षकों को कृत्रिम बुद्धिमत्ता की तकनीकों के प्रति दक्ष एवं जागरूक होना होगा ताकि वे पारंपरिक शिक्षण पद्धतियों और आधुनिक डिजिटल तकनीकों के बीच प्रभावी समन्वय स्थापित कर सकें। उनके व्याख्यान से प्रतिभागियों को भविष्य की उच्च शिक्षा के स्वरूप तथा शिक्षण में कृत्रिम बुद्धिमत्ता के रचनात्मक और व्यावहारिक उपयोग के संबंध में महत्वपूर्ण दृष्टिकोण प्राप्त हुए। उल्लेखनीय है कि मालवीय मिशन शिक्षक प्रशिक्षण केंद्र एचएनबी गढ़वाल विश्वविद्यालय की ओर से आयोजित इस एक सप्ताह के प्रशिक्षण कार्यक्रम में देश के विभिन्न प्रतिष्ठित उच्च शिक्षण संस्थानों से आए 30 से अधिक शिक्षक एवं शिक्षाविद् प्रतिभागिता कर रहे हैं। कार्यक्रम का उद्देश्य उच्च शिक्षा में कृत्रिम बुद्धिमत्ता के प्रभावी एकीकरण के माध्यम से शिक्षण शोध नवाचार एवं संस्थागत विकास की संभावनाओं को सशक्त बनाना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *