Spread the love

प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। पहाड़ की संस्कृति स्थानीय प्रतिभाओं और पर्यटन की संभावनाओं को एक मंच पर लाने के उद्देश्य से पौड़ी में शरदोत्सव-2026 की तैयारियां तेज हो गई हैं। नगरपालिका पौड़ी की ओर से 16 से 18 नवंबर तक तीन दिवसीय शरदोत्सव आयोजित किया जाएगा। इस महोत्सव में खेल प्रतियोगिताओं सांस्कृतिक कार्यक्रमों रचनात्मक गतिविधियों और पर्यटन आयोजनों के माध्यम से पौड़ी की विशिष्ट पहचान को सामने लाया जाएगा। आयोजन की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए 13 नवंबर 2026 को जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने हितधारकों संबंधित विभागों नगर पालिका और स्थानीय प्रतिनिधियों के साथ समन्वय बैठक की। बैठक में नगर पालिका अध्यक्ष हिमानी नेगी ने आयोजन की रूपरेखा साझा करते हुए बताया कि शरदोत्सव के तहत फुटबॉल प्रतियोगिता 14 नवंबर से शुरू होगी। मुख्य आयोजन के दौरान फोटोग्राफी एवं पेंटिंग प्रदर्शनी झांकियां बेबी शो रस्साकशी म्यूजिकल चेयर वाद-विवाद सामान्य ज्ञान चित्रकला मेहंदी रंगोली और फैंसी ड्रेस प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इसके साथ ही सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी होंगी और 16 नवंबर की शाम नाइट सफारी आकर्षण का केंद्र रहेगी। जिलाधिकारी ने कहा कि शरदोत्सव केवल मनोरंजन का आयोजन न रहकर पौड़ी की सांस्कृतिक विरासत स्थानीय प्रतिभाओं और पर्यटन की संभावनाओं को पहचान दिलाने का माध्यम बनना चाहिए। इसके लिए आयोजन में स्थानीय नागरिकों युवाओं कलाकारों और स्वयं सहायता समूहों की भागीदारी बढ़ाई जाए। उन्होंने सभी विभागों को अपनी-अपनी जिम्मेदारियों के अनुरूप तैयारियां पूरी करने और आयोजन समिति के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए। नाइट सफारी को लेकर जिलाधिकारी ने विशेष रूप से रूट प्लान यातायात नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने बच्चों की सुरक्षा सहित आयोजन में शामिल होने वाले सभी लोगों की सुविधा का पूरा ध्यान रखने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य विभाग को आवश्यक चिकित्सकीय सुविधाएं और एंबुलेंस उपलब्ध रखने तथा पुलिस एवं परिवहन विभाग को यातायात प्रबंधन की जिम्मेदारी सौंपी गई। संबंधित विभागों को आयोजन स्थलों पर आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित करने को कहा गया। नगर पालिका अध्यक्ष हिमानी नेगी ने बताया कि शरदोत्सव के माध्यम से पौड़ी के पर्यटन को नई पहचान देने के लिए ‘पौड़ी एक पहल’ के तहत पर्यटन विषयक गोष्ठी भी आयोजित की जाएगी। बैठक में शिक्षा विभाग को सांस्कृतिक कार्यक्रमों एवं झांकियों खेल विभाग को खेल प्रतियोगिताओं और पर्यटन विभाग को पर्यटन गतिविधियों के संचालन में सहयोग देने की जिम्मेदारी दी गई। आयोजन को जन-जन तक पहुंचाने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार के साथ साफ-सफाई सजावट विद्युत व्यवस्था मंच संचालन और स्टॉल प्रबंधन को लेकर भी चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने सभी तैयारियां निर्धारित समय में पूरी करने के निर्देश देते हुए कहा कि शरदोत्सव में आने वाले स्थानीय नागरिकों और पर्यटकों को सुव्यवस्थित आयोजन का अनुभव मिलना चाहिए। बैठक में एडीएम पीआर चौहान पीडी डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय सीएमओ डॉ.मेघना असवाल डीडीओ रमेश चंद्र जिला शिक्षाधिकारी अंशुल बिष्ट जिला पर्यटन अधिकारी कमल किशोर जोशी भातखंडे संगीत विश्वविद्यालय के प्रधानाचार्य अनिरुद्ध सिंह बिष्ट थानाध्यक्ष जयपाल नेगी एआरटीओ मंगल सिंह विद्युत विभाग के एसडीओ गोविंद सिंह नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी संजय कुमार पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष जसपाल नेगी पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष केसर सिंह नेगी सदस्य किसान आयोग ओम प्रकाश जुगरान व्यापार मंडल सचिव देवेंद्र रावत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी नगर पालिका सभासद एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *