Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल की अध्यक्षता में खनिज न्यास के अंतर्गत संचालित विकास कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में लोक निर्माण विभाग के कुल 28 प्रोजेक्ट्स की समीक्षा की गई। इस दौरान अवगत कराया गया कि कीर्तिनगर क्षेत्र के सभी कार्य पूर्ण हो चुके हैं जबकि नरेंद्रनगर क्षेत्र के सात कार्य पूरे हो गए हैं और शेष कार्य प्रगति पर हैं। इसके बाद ग्रामीण निर्माण विभाग लघु सिंचाई स्वास्थ्य एवं शिक्षा विभाग के अंतर्गत संचालित कार्यों की भी समीक्षा की गई। सीडीओ ने विभिन्न कार्यों में आई आपत्तियों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में जौनपुर के खंड विकास अधिकारी ने बताया कि डाइनिंग शेड का कार्य पूर्ण हो चुका है जबकि सकलाना मोटर मार्ग का कार्य शीघ्र पूरा होने वाला है। इस पर सीडीओ ने सकलाना मोटर मार्ग का कार्य 30 नवंबर तक पूर्ण करने के निर्देश दिए। इसी क्रम में घनसाली से नगर पंचायत चमियाला मोटर मार्ग का कार्य 30 दिसंबर तक पूरा करने को कहा गया। सीडीओ ने अमृत सरोवरों के जीर्णोद्धार कार्यों की भी समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को सभी कार्य 30 नवंबर तक पूर्ण करने के निर्देश दिए। कुछ परियोजनाओं को विशेष परिस्थितियों के दृष्टिगत दिसंबर तक पूरा करने की छूट प्रदान की गई। सीडीओ ने कहा कि खनिज न्यास के अंतर्गत संचालित सभी विकास कार्य निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरे किए जाएं। इसके साथ ही नवीन स्वीकृत कार्यों को भी समयबद्ध तरीके से प्रारंभ कर निर्धारित अवधि में पूर्ण करना सुनिश्चित किया जाए। बैठक में डीडीओ मो. असलम प्रभारी खान अधिकारी रवि नेगी अधिशासी अभियंता ग्रामीण निर्माण विभाग विशाल चौहान अधिशासी अधिकारी ग्रामीण निर्माण विभाग घनसाली आलोक सिंह अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अमलेश कुमार सिंह लघु सिंचाई विभाग से ब्रजेश कुमार गुप्ता खंड विकास अधिकारी देवप्रयाग विनय बहुगुणा नई टिहरी लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता आरके टम्टा मुख्य शिक्षा अधिकारी कमला बड़वाल सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *