Spread the love

प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। राजकीय मेडिकल कॉलेज श्रीनगर की एमबीबीएस बैच 2023 की छात्रा अनन्या शर्मा ने अपनी प्रतिभा और शोध के प्रति समर्पण से संस्थान का नाम रोशन किया है। अनन्या द्वारा ‘नेजल एंथ्रोपोमेट्री एवं इट्स क्लीनिकल इम्प्लीकेशंस’ विषय पर किया गया शोध पत्र प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय शोध पत्रिका जर्नल ऑफ एनाटॉमिकल सोसायटी ऑफ इंडिया में प्रकाशन के लिए स्वीकृत हुआ है। यह उपलब्धि न केवल श्रीनगर मेडिकल कॉलेज के लिए गौरव का विषय है बल्कि चिकित्सा शिक्षा में नवाचार और शोध को बढ़ावा देने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। एनाटॉमी विभागाध्यक्ष प्रोफेसर डॉ.अनिल द्विवेदी के मार्गदर्शन तथा विभाग की एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. नियति एरेन के निर्देशन में छात्रा अनन्या शर्मा ने इस शोध को तीन वर्षों में पूरा किया। इसके तहत पौड़ी जनपद के सभी 15 विकासखंडों के विभिन्न गांवों और छोटे बाजारों में जाकर महिला एवं पुरुषों की नाक की बनावट और उससे जुड़े विभिन्न मापदंडों का बारीकी से अध्ययन किया गया। शोध में नाक की लंबाई चौड़ाई आकार एवं अन्य महत्वपूर्ण संरचनात्मक विशेषताओं का विश्लेषण किया गया। अध्ययन का उद्देश्य विभिन्न भौगोलिक क्षेत्रों में रहने वाले लोगों की नाक की बनावट और मापदंडों में पाए जाने वाले अंतर को वैज्ञानिक रूप से समझना है। शोध से यह तथ्य भी सामने आया कि अलग-अलग क्षेत्रों और आबादी के अनुसार नाक की संरचना एवं मापदंडों में भिन्नता पाई जा सकती है। प्लास्टिक सर्जरी से लेकर आपदा में मृतकों की पहचान तक मिलेगा लाभ एनाटॉमी विभाग की एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. नियति एरेन ने बताया कि यह शोध चिकित्सा विज्ञान के कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों में उपयोगी साबित हो सकता है। विशेष रूप से नाक की प्लास्टिक सर्जरी रिकंस्ट्रक्टिव सर्जरी और कॉस्मेटिक सर्जरी के दौरान स्थानीय आबादी के अनुरूप नाक की संरचना एवं मापदंडों को समझने में इससे महत्वपूर्ण मदद मिलेगी। उन्होंने बताया कि प्राकृतिक आपदाओं और सड़क दुर्घटनाओं के दौरान कई बार मृतकों की पहचान करना बेहद कठिन हो जाता है। ऐसे मामलों में शारीरिक संरचना से जुड़े वैज्ञानिक आंकड़े पहचान की प्रक्रिया में सहायक हो सकते हैं। महिला एवं पुरुषों के बीच नाक के मापदंडों में पाए जाने वाले अंतर का अध्ययन भी फॉरेंसिक मेडिसिन के दृष्टिकोण से उपयोगी हो सकता है। डॉ.एरेन के अनुसार चीन सहित दुनिया के विभिन्न देशों और अलग-अलग भौगोलिक क्षेत्रों में रहने वाली आबादी की नाक की बनावट में अंतर देखने को मिलता है। ऐसे में पौड़ी जनपद के 15 विकासखंडों के लोगों पर आधारित यह शोध स्थानीय आबादी के नाक संबंधी मापदंडों का महत्वपूर्ण वैज्ञानिक आधार उपलब्ध कराएगा। प्राचार्य ने की छात्रा और एनाटॉमी विभाग की सराहना मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ.सीएमएस रावत ने छात्रा अनन्या शर्मा को इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने शोध कार्य में मार्गदर्शन देने के लिए एनाटॉमी विभागाध्यक्ष डॉ.अनिल द्विवेदी एवं एसोसिएट प्रोफेसर डॉ.नियति एरेन की भी सराहना की। डॉ.रावत ने कहा कि किसी भी चिकित्सा संस्थान की गुणवत्ता अकादमिक गतिविधियों मरीजों की देखभाल के साथ-साथ उच्च श्रेणी के शोध प्रकाशनों से भी आंकी जाती है। यही कार्य एनाटॉमी विभाग के मार्गदर्शन में अनन्या ने किया है। उन्होंने अनन्या शर्मा और एनाटॉमी विभाग की टीम विभागाध्यक्ष प्रोफेसर डॉ.अनिल द्विवेदी एवं डॉ.नियति एरेन को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह शोध प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रेरणादायी मंत्र ‘जय अनुसंधान’ के अनुसरण का बेहतरीन उदाहरण होने के साथ-साथ संस्थान के समस्त विभागों के लिए मार्गदर्शन भी है। प्राचार्य ने कहा कि मेडिकल कॉलेज के छात्र-छात्राओं को पढ़ाई के साथ-साथ शोध एवं नवाचार के क्षेत्र में भी आगे रहना चाहिए। इस तरह के शोध कार्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने के साथ ही चिकित्सा विज्ञान में नए अनुसंधानों का मार्ग प्रशस्त करते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि अनन्या शर्मा की यह उपलब्धि मेडिकल कॉलेज के अन्य छात्र-छात्राओं को भी शोध के प्रति प्रेरित करेगी और संस्थान को चिकित्सा शिक्षा नवाचार एवं अनुसंधान के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *