Spread the love

प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। भागीरथी कला संगम की ओर से पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान जन्माष्टमी के दिन निकाली गई झांकी में प्रतिभाग करने वाले बच्चों को पुरस्कार वितरित कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में व्यापार सभा अध्यक्ष अनुज जोशी मुख्य अतिथि और खिलेन्द्र चौधरी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि खिलेन्द्र चौधरी ने कहा कि भागीरथी कला संगम की ओर से किए जा रहे कार्यक्रम अत्यंत सराहनीय हैं। संस्था ने सफाई अभियान चलाकर पूरे क्षेत्र के लोगों को जागरूक किया है। इसके साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से नई पीढ़ी के बच्चों को अपनी संस्कृति के प्रति प्रेरित करने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पुरस्कार प्राप्त करने वाले बच्चों में पुरस्कार मिलने से अधिक उत्साह दिखाई देता है जो प्रसन्नता का विषय है। मुख्य अतिथि अनुज जोशी ने कहा कि यह बड़े हर्ष का विषय है कि भागीरथी कला संगम इस तरह के कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को जागरूक कर रही है। उन्होंने कार्यक्रम के अंत में बच्चों की ओर से प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भरपूर सराहना की। साथ ही संस्था को आश्वासन दिया कि आगामी कार्यक्रमों में श्रीनगर व्यापार सभा की ओर से पूर्ण सहयोग दिया जाएगा। इस अवसर पर संस्था अध्यक्ष राजेंद्र बर्थवाल ने उपस्थित अतिथियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने समिति और बच्चों का धन्यवाद करते हुए कहा कि संस्था निरंतर समाज के प्रति निस्वार्थ भाव से कार्य कर रही है। कार्यक्रम का संचालन मदन गड़ोई ने किया। उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाली पूरी टीम का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर संस्था के वरिष्ठ संरक्षक रमेश चंद्र थपलियाल और संरक्षक दीनबंधु चौहान सहित भगत सिंह बिष्ट मुकेश नौटियाल हरिप्रसाद उनियाल पड़मेन्द्र रावत धर्मेंद्र संजय कोठारी किशोरी लाल नौटियाल और हरेंद्र तोमर सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *