Spread the love

प्रदीप कुमार
देहरादून/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद में मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत 12 लाख 28 हजार 746 मतदाताओं के नाम ड्राफ्ट मतदाता सूची में दर्ज किए गए हैं। पुनरीक्षण के दौरान 35 हजार 883 नए मतदाताओं के नाम जोड़े गए हैं जबकि 1934 मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं। इस संबंध में मंगलवार को अपर जिलाधिकारी प्रशासन जितेन्द्र कुमार की अध्यक्षता में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुनरीक्षण कार्यक्रम की प्रगति की जानकारी देते हुए राजनीतिक दलों को ड्राफ्ट मतदाता सूची की सॉफ्ट और हार्ड कॉपी उपलब्ध कराई गई। अपर जिलाधिकारी ने बताया कि 1 जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर पात्र नागरिकों विशेषकर युवा और पहली बार मतदान के लिए पात्र होने वाले युवाओं को मतदाता सूची में शामिल करने के उद्देश्य से विशेष अभियान संचालित किया गया। इसके तहत 12 नवंबर 2026 को ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन किया जा चुका है। सूची पर 11 दिसंबर तक दावे और आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। प्राप्त दावों और आपत्तियों का निस्तारण 28 दिसंबर तक किया जाएगा जबकि 4 जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होगी। उन्होंने बताया कि 4 से 31 अक्टूबर 2026 तक संचालित विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के दौरान 16 हजार 316 पुरुष और 19 हजार 563 महिला तथा 4 ट्रांसजेंडर सहित कुल 35 हजार 883 नए मतदाताओं के नाम सूची में जोड़े गए हैं। वहीं 961 पुरुष और 969 महिला तथा 4 ट्रांसजेंडर सहित कुल 1934 मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं। अपर जिलाधिकारी ने बताया कि 3 अक्टूबर 2026 से पहले जनपद में कुल 11 लाख 94 हजार 797 मतदाता पंजीकृत थे। पुनरीक्षण के दौरान नए मतदाताओं के पंजीकरण के बाद 12 नवंबर को प्रकाशित ड्राफ्ट मतदाता सूची में 6 लाख 32 हजार 396 पुरुष और 5 लाख 96 हजार 300 महिला तथा 50 ट्रांसजेंडर सहित कुल 12 लाख 28 हजार 746 मतदाता दर्ज हैं। इसके अतिरिक्त जनपद के सभी 10 विधानसभा क्षेत्रों में कुल 9 हजार 263 सर्विस मतदाता भी पंजीकृत हैं। इनमें 8 हजार 776 पुरुष और 487 महिला मतदाता शामिल हैं। उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से पुनरीक्षण कार्यक्रम में सक्रिय सहयोग की अपील की। उन्होंने बताया कि मतदाता जागरूकता बढ़ाने और ईवीएम से मतदान की प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रशिक्षण देने के लिए जनपद के सभी 10 विधानसभा क्षेत्रों में प्रथम स्तरीय जांच के उपरांत 123 ईवीएम मशीनें भेजी गई हैं। उन्होंने राजनीतिक दलों से अपने-अपने क्षेत्रों में अधिक से अधिक लोगों को प्रशिक्षण कार्यक्रम से जोड़ने का आह्वान किया ताकि मतदाता मतदान प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त कर सकें। बैठक में सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी नरेंद्र देवली और भाजपा के अरविंद जैन तथा सीपीआई (एम) के अनंत आकाश एवं बसपा के एसपी गौतम और केपी सिंह तथा सत्येंद्र सिंह के साथ आम आदमी पार्टी के कमल राणा और उपेंद्र सिंह राणा आदि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *