प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। उत्तराखंड में लंबित स्टाम्प वादों के त्वरित निस्तारण और सरकारी राजस्व की वसूली सुनिश्चित करने के लिए राज्य सरकार ने वित्तीय वर्ष 2026-27 में एकमुश्त निपटारा समाधान योजना लागू करने का निर्णय लिया है। इस संबंध में अपर जिलाधिकारी वैभव गुप्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि यह योजना शासनादेश जारी होने की तिथि से केवल तीन माह तक प्रभावी रहेगी। योजना के अंतर्गत स्टाम्प कमी से संबंधित लंबित वादों का निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार निस्तारण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रदेश के विभिन्न जनपदों में स्टाम्प कलेक्टर के न्यायालयों और राजस्व परिषद के पीठासीन अधिकारियों के न्यायालयों में भारतीय स्टाम्प अधिनियम 1899 के अंतर्गत बड़ी संख्या में स्टाम्प वाद लंबित हैं। इन वादों के लंबित रहने से राज्य सरकार का राजस्व प्रभावित हो रहा है। वहीं कई मामलों में स्टाम्प कमी की धनराशि और अर्थदण्ड के विरुद्ध अपील तथा रिट याचिकाएं दाखिल होने के कारण प्रकरण अनावश्यक रूप से मुकदमेबाजी में उलझ जाते हैं। इससे शासन को स्टाम्प कमी की मूल धनराशि समय पर प्राप्त नहीं हो पाती है। इसी समस्या के समाधान के लिए सरकार ने एकमुश्त निपटारा योजना लागू की है। इससे राज्य सरकार को स्टाम्प कमी की धनराशि शीघ्र प्राप्त हो सकेगी और संबंधित पक्षकारों को न्यायिक प्रक्रिया में लगने वाले समय तथा बढ़ते ब्याज की देयता से राहत मिलेगी। योजना के अंतर्गत सभी जनपदों के स्टाम्प कलेक्टर के न्यायालयों और राजस्व परिषद के पीठासीन अधिकारियों द्वारा अपने न्यायालयों में लंबित समस्त स्टाम्प वादों तथा स्टाम्प अपीलों एवं स्टाम्प निगरानी वादों के संबंधित पक्षकारों को निर्धारित प्रारूप-1 पर नोटिस भेजे जाएंगे। इन नोटिसों के माध्यम से पक्षकारों को योजना की पूरी जानकारी दी जाएगी। योजना लागू होने से पहले लंबित किसी भी स्टाम्प वाद या स्टाम्प अपील अथवा स्टाम्प निगरानी वाद में यदि कोई पक्षकार संदर्भण आख्या में दर्शाई गई स्टाम्प कमी की धनराशि को नियमानुसार देय ब्याज सहित जमा करना चाहता है तो उसे संबंधित न्यायालय अथवा राजस्व परिषद के पीठासीन अधिकारी के समक्ष प्रार्थना पत्र प्रस्तुत करना होगा। प्रार्थना पत्र प्राप्त होने के बाद संबंधित न्यायालय द्वारा एक सप्ताह के भीतर धनराशि जमा करने की तिथि निर्धारित की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर निर्धारित तिथि में संशोधन भी किया जा सकेगा। इसी अवधि में संदर्भण आख्या में दर्शाई गई स्टाम्प कमी की धनराशि की पुष्टि के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। स्टाम्प कमी की धनराशि की पुष्टि होने के बाद संबंधित पक्षकार को स्टाम्प कमी की मूल धनराशि और नियमानुसार देय ब्याज के साथ मात्र 100 रुपये का सांकेतिक अर्थदण्ड एक सप्ताह के भीतर कोषागार में मद संख्या 0030 यानी स्टाम्प एवं रजिस्ट्रेशन के अंतर्गत जमा करना होगा। धनराशि जमा करने के बाद कोषागार की रसीद सहित प्रार्थना पत्र संबंधित न्यायालय में प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। इसके बाद संबंधित न्यायालय अथवा राजस्व परिषद के अधिकारी द्वारा एक सप्ताह के भीतर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार पत्रावली पर आख्या प्रस्तुत की जाएगी। कोषागार में स्टाम्प कमी की धनराशि ब्याज और 100 रुपये के सांकेतिक अर्थदण्ड की धनराशि जमा किए जाने की पुष्टि के लिए रसीद प्रस्तुत करने के बाद संबंधित न्यायालय द्वारा आदेश पारित कर प्रकरण का निस्तारण किया जाएगा। नियमानुसार देय धनराशि जमा होने के बाद भारतीय स्टाम्प अधिनियम 1899 की धारा 42 के अंतर्गत प्रमाण-पत्र अंकित किया जाएगा और संबंधित स्टाम्प वाद को अंतिम रूप से निस्तारित माना जाएगा। यह योजना शासनादेश जारी होने की तिथि से केवल तीन माह तक प्रभावी रहेगी। योजना का लाभ लेने के इच्छुक पक्षकारों को निर्धारित अंतिम तिथि से पहले स्टाम्प कमी की धनराशि और नियमानुसार देय ब्याज के साथ 100 रुपये का सांकेतिक अर्थदण्ड जमा करना होगा। योजना के अंतर्गत संबंधित न्यायालय अथवा राजस्व परिषद के पीठासीन अधिकारी के समक्ष प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किए जाने के एक माह के भीतर संबंधित वाद का अंतिम रूप से निस्तारण किया जाना अनिवार्य होगा। योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार जनपद स्तर पर विभिन्न माध्यमों से किया जाएगा। इसके लिए समाचार पत्रों और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के साथ संबंधित कार्यालयों तथा न्यायालयों के सूचना पट्टों पर योजना की स्पष्ट जानकारी प्रदर्शित की जाएगी। इससे योजना का लाभ लेने के इच्छुक पक्षकार निर्धारित समयावधि में अपने लंबित वादों का निस्तारण करा सकेंगे। इसके अतिरिक्त सभी जिलाधिकारियों और राजस्व परिषद के पीठासीन अधिकारियों द्वारा यह सुनिश्चित किया जाएगा कि उनके जनपदों और न्यायालयों में ऐसे कोई भी स्टाम्प वाद लंबित न रहें जिनमें पक्षकार द्वारा स्टाम्प कमी की धनराशि जमा कराकर वाद के निस्तारण के लिए प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया गया हो लेकिन उसका निस्तारण अभी तक नहीं किया गया हो। योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और प्रगति की निगरानी के लिए प्रत्येक माह निस्तारित प्रकरणों की संख्या तथा उनमें आरोपित और वसूल की गई स्टाम्प कमी की धनराशि का विवरण निर्धारित प्रारूप-2 पर आयुक्त स्टाम्प को उपलब्ध कराया जाएगा। राज्य सरकार की इस पहल से लंबित स्टाम्प वादों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित होने के साथ ही सरकारी राजस्व की वसूली में तेजी आएगी। इससे आम नागरिकों और संबंधित पक्षकारों को अनावश्यक न्यायिक प्रक्रिया तथा लंबे समय से चल रही मुकदमेबाजी से भी राहत मिल सकेगी।
