Spread the love

प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। कृषि विभाग की ओर से मंगलवार को विकासखंड अगस्त्यमुनि के ग्राम चन्द्रनगर में खेत बचाओ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तराखंड राज्य किसान आयोग के उपाध्यक्ष चौधरी अजीत सिंह मौजूद रहे। कार्यक्रम में मुख्य कृषि अधिकारी लोकेन्द्र बिष्ट और जिला उद्यान अधिकारी राजेन्द्र प्रसाद के साथ कृषि विज्ञान केंद्र जाखधार के प्रभारी वैज्ञानिक डॉ.संजय सचान तथा पशुपालन विभाग के प्रतिनिधि और मत्स्य निरीक्षक सहित कृषि एवं उद्यान विभाग के क्षेत्रीय कर्मचारी तथा स्थानीय कृषक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान कृषि एवं उद्यान विभाग के अधिकारियों ने किसानों को खेतों की उर्वरता और मृदा स्वास्थ्य में सुधार लाने के लिए संतुलित जैव उर्वरकों के प्रयोग तथा जैविक खादों के समुचित उपयोग और जैविक खेती की विधियों को अपनाने के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। अधिकारियों ने कहा कि टिकाऊ कृषि उत्पादन के लिए मिट्टी की सेहत बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है। किसानों को रासायनिक उर्वरकों पर निर्भरता कम करते हुए जैविक एवं प्राकृतिक कृषि पद्धतियों को बढ़ावा देने के लिए प्रेरित किया गया। मुख्य अतिथि चौधरी अजीत सिंह ने जनपद रुद्रप्रयाग को जैविक जनपद के रूप में विकसित करने की दिशा में किसानों द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि रुद्रप्रयाग के किसानों ने जैविक खेती के क्षेत्र में अच्छी पहचान बनाई है। इस पहचान को और मजबूत करते हुए जनपद को जैविक कृषि के उत्कृष्ट मॉडल के रूप में विकसित करने के लिए सभी किसानों को सामूहिक रूप से प्रयास करने चाहिए। उन्होंने किसानों को जैविक खेती अपनाने और खेतों की उर्वरता बनाए रखने के साथ कृषि उत्पादों की गुणवत्ता में सुधार लाने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक डॉ. संजय सचान ने किसानों को फसलों में लगने वाले व्हाइट ग्रब यानी सफेद गिडार कीट के नियंत्रण के संबंध में तकनीकी जानकारी दी। उन्होंने वर्मी कम्पोस्ट के उपयोग और इसके समुचित प्रयोग की विधि के बारे में बताया तथा जैविक उपायों एवं एकीकृत कीट प्रबंधन पद्धतियों को अपनाने के लिए जागरूक किया। कार्यक्रम के उपरांत मुख्य अतिथि चौधरी अजीत सिंह ने ग्राम भनज के प्रगतिशील कृषक अजय नेगी के कृषि फार्म का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने फार्म पर अपनाई जा रही कृषि गतिविधियों और नवाचारों की जानकारी ली। उन्होंने क्षेत्र के अन्य किसानों को भी प्रगतिशील कृषक अजय नेगी के प्रयासों से प्रेरणा लेने तथा उन्नत कृषि तकनीकों को अपनाकर अपनी आय बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जनपद में मृदा स्वास्थ्य का संरक्षण करने और जैविक खेती को बढ़ावा देने के साथ किसानों को टिकाऊ एवं लाभकारी कृषि पद्धतियों के प्रति जागरूक करना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *