प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। आगामी विधानसभा निर्वाचन-2027 के दृष्टिगत जनपद में मतदाता जागरूकता अभियान के तहत विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। मुख्य विकास अधिकारी एवं नोडल अधिकारी स्वीप वरुणा अग्रवाल के निर्देशों के क्रम में शिक्षण संस्थानों और ग्राम पंचायतों के साथ महिला मंगल दलों के माध्यम से मतदाताओं को उनके मताधिकार के प्रति जागरूक किया जा रहा है। इसी क्रम में राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय टिहरी में मतदाता जागरूकता संबंधी गतिविधियां आयोजित की गईं जिसमें 65 लोगों ने प्रतिभाग किया। राजकीय महाविद्यालय पावकीदेवी के छात्र-छात्राओं ने महाविद्यालय परिसर और ग्राम डाबर लोयल में निबंध तथा रंगोली एवं पोस्टर प्रतियोगिताओं के साथ महिला चौपाल आयोजित कर ग्रामीणों को मतदान के महत्व की जानकारी दी। राजकीय इंटर कॉलेज नीर में संविधान की प्रस्तावना का वाचन और जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसके साथ ही निबंध एवं पोस्टर प्रतियोगिताओं के माध्यम से भी लोगों को मतदान के प्रति जागरूक किया गया। राजकीय महाविद्यालय थत्यूड़ में आयोजित पोस्टर प्रतियोगिता में 28 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। जीजीआईसी नई टिहरी में मतदाता जागरूकता की शपथ दिलाई गई। वहीं राजकीय महाविद्यालय कमांद में निबंध प्रतियोगिता आयोजित की गई तथा शहीद बेलमती चौहान राजकीय महाविद्यालय पोखरी क्वीली में मतदाता जागरूकता संगोष्ठी और रैली निकाली गई। इसके अतिरिक्त ग्राम पंचायत गैड विकासखंड जौनपुर और ग्राम पंचायत बीजपुर विकासखंड प्रतापनगर के साथ उज्याड गांव विकासखंड थौलधार तथा ग्राम चौरीयाधार विकासखंड जाखणीधार में महिला मंगल दलों की महिलाओं ने निर्वाचन संबंधी शपथ लेकर मतदान के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। नोडल अधिकारी स्वीप वरुणा अग्रवाल ने बताया कि जनपद में शिक्षण संस्थानों और स्वयं सहायता समूहों के साथ महिला मंगल दलों एवं युवा मंगल दलों के माध्यम से निरंतर मतदाता जागरूकता गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। इन कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं और नए मतदाताओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ने के साथ मतदान के प्रति जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से मताधिकार के महत्व की जानकारी जन-जन तक पहुंचाई जा रही है ताकि आगामी विधानसभा निर्वाचन में अधिक से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर लोकतंत्र को मजबूत बनाने में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।
