प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल श्वेता चौबे के निर्देशन में बुधवार 18 नवंबर 2026 को क्षेत्राधिकारी टिहरी चंद्रमोहन सिंह ने महिला सुरक्षा हेल्पलाइन का त्रैमासिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय की व्यवस्थाओं और अभिलेखों के साथ लंबित शिकायतों तथा महिला अपराधों की स्थिति की समीक्षा की। इसके अलावा पीड़ित महिलाओं को उपलब्ध कराई जा रही सहायता और पूर्व निरीक्षणों में दिए गए निर्देशों के अनुपालन का भी जायजा लिया। निरीक्षण में कार्यालय की व्यवस्थाएं और अभिलेख संतोषजनक एवं सुव्यवस्थित पाए गए। महिला सुरक्षा हेल्पलाइन की ओर से जनपद में पंजीकृत सभी महिला अपराधों और महिला शिकायतों का नियमित पर्यवेक्षण किया जा रहा है। वर्ष 2026 में अब तक जनपद के सभी थानों में बलात्कार और पॉक्सो अधिनियम के अंतर्गत पंजीकृत अभियोगों का नियमानुसार दो माह में निस्तारण करने के संबंध में अनुपालन का प्रतिशत 100 रहा है। हेल्पलाइन को प्राप्त शिकायतों का काउंसलिंग के माध्यम से नियमानुसार समयबद्ध निस्तारण किया जा रहा है। उत्तराखंड राज्य महिला आयोग से प्राप्त प्रार्थना पत्रों का भी निर्धारित समय में निस्तारण कर जांच आख्या आयोग को भेजी जा रही है। अपराध पीड़ित महिलाओं को प्रतिकर और आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने से संबंधित मामलों में भी तत्काल कार्रवाई की गई है। क्षेत्राधिकारी चंद्रमोहन सिंह ने हेल्पलाइन कर्मियों को निर्देश दिए कि महिलाओं से संबंधित शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उनका समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। पीड़ित महिलाओं को आवश्यकता के अनुसार काउंसलिंग और विधिक सहायता उपलब्ध कराई जाए तथा लंबित शिकायतों पर नियमित फॉलोअप किया जाए। उन्होंने संबंधित थाना प्रभारियों से समन्वय स्थापित कर महिला अपराधों की विवेचनाओं में तेजी लाने और राष्ट्रीय एवं राज्य महिला आयोग से प्राप्त शिकायतों का निर्धारित समयावधि में निस्तारण करने के निर्देश भी दिए। टिहरी पुलिस के अनुसार महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान के साथ उनके अधिकारों की रक्षा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। पीड़ित महिलाओं को आवश्यक सहायता और न्याय दिलाने के लिए टिहरी पुलिस निरंतर प्रतिबद्ध है। पुलिस ने संदेश दिया कि महिला सुरक्षा उसकी प्राथमिकता और महिलाओं का सम्मान उसकी जिम्मेदारी है।
