Spread the love

प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस का सफल आयोजन किया गया। अभियान के अंतर्गत जनपद के 932 सरकारी और सरकारी सहायता प्राप्त तथा निजी विद्यालयों एवं महाविद्यालयों और तकनीकी शिक्षण संस्थानों में एक से 19 वर्ष तक के लक्षित आयु वर्ग के बच्चों और किशोर-किशोरियों को कृमिनाशक दवा एल्बेंडाजोल खिलाई गई। किसी कारणवश दवा खाने से छूट गए बच्चों को आगामी 25 नवंबर को आयोजित होने वाले मॉप-अप डे पर दवा खिलाई जाएगी। अभियान का शुभारंभ मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. पारुल गोयल ने तिलणी स्थित श्री गुरुराम राय पब्लिक स्कूल में एक बच्चे को एल्बेंडाजोल की खुराक खिलाकर किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि बच्चों के समुचित शारीरिक एवं बौद्धिक विकास के लिए उनका स्वस्थ रहना बेहद जरूरी है। राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के माध्यम से बच्चों को कृमि संक्रमण से बचाने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास किए जा रहे हैं। कृमि संक्रमण से मुक्ति मिलने पर बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण स्तर तथा शारीरिक विकास एवं सीखने की क्षमता में सकारात्मक सुधार लाने में मदद मिलती है। उन्होंने बताया कि अभियान को सफल बनाने में स्वास्थ्य विभाग के साथ शिक्षकों और अभिभावकों की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। सभी के समन्वित प्रयासों से एक से 19 वर्ष तक के लक्षित आयु वर्ग के शत-प्रतिशत बच्चों को कृमिनाशक दवा खिलाने का लक्ष्य रखा गया है। अभियान के अंतर्गत जनपद के सभी 932 शिक्षण संस्थानों में बच्चों को एल्बेंडाजोल की खुराक दी गई। उन्होंने किसी कारणवश अभियान के दिन दवा खाने से छूट गए बच्चों को आगामी 25 नवंबर को आयोजित होने वाले मॉप-अप डे पर अनिवार्य रूप से दवा खिलाने की अपील की। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य राकेश चौहान और उपप्रधानाचार्य सुरेंद्र चौधरी तथा कार्यक्रम समन्वयक एवं काउंसलर विपिन सेमवाल तथा जिला समन्वयक आईईसी हरेंद्र सिंह नेगी और सोशल वर्कर एनटीसीपी दिगपाल कंडारी सहित अन्य शिक्षकगण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *