प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। कैम्पटी फॉल घूमने आए एक पर्यटक का डेढ़ लाख रुपये से अधिक कीमत का आईफोन खो जाने पर कैम्पटी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मोबाइल बरामद कर उसके वास्तविक स्वामी को सौंप दिया। मोबाइल वापस मिलने पर पर्यटक के चेहरे पर खुशी लौट आई और उन्होंने पुलिस का आभार व्यक्त किया। जानकारी के अनुसार पर्यटक कैम्पटी फॉल घूमने आए थे। इसी दौरान उनका कीमती आईफोन कहीं खो गया। पर्यटक ने अपने स्तर से काफी खोजबीन की लेकिन मोबाइल नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने थाना कैम्पटी पुलिस से सहायता मांगी। सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया। थाने में तैनात कांस्टेबल लोकेन्द्र ने सूझबूझ और तकनीकी जानकारी का इस्तेमाल करते हुए मोबाइल की तलाश शुरू की और उसे सकुशल बरामद कर लिया। इसके बाद मोबाइल पर्यटक को सौंप दिया गया। अपना कीमती फोन वापस मिलने पर पर्यटक ने कैम्पटी पुलिस और कांस्टेबल लोकेन्द्र के प्रयासों की सराहना करते हुए आभार जताया। टिहरी पुलिस ने कहा कि क्षेत्र में आने वाले पर्यटकों की सुरक्षा और सहायता के लिए पुलिस सदैव तत्पर है। पर्यटकों से अपील की गई है कि सामान खोने या किसी अन्य समस्या की स्थिति में तत्काल पुलिस से संपर्क करें।
