Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। हरिद्वार पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के अंतर्गत आर्थिक धोखाधड़ी के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए एप्रो ग्लोबल कंपनी को प्लांट स्थापित करने के लिए जमीन दिलाने के नाम पर 7 करोड़ 20 लाख रुपये से अधिक की धोखाधड़ी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामला जनपद मुजफ्फरनगर में कंपनी का प्लांट स्थापित करने के लिए जमीन उपलब्ध कराने के नाम पर धोखाधड़ी कर धनराशि हड़पने से जुड़ा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार वादिया एवं पीड़िता अभिलाषा से एप्रो ग्लोबल कंपनी को प्लांट स्थापित करने के लिए जमीन उपलब्ध कराने के नाम पर 7 करोड़ 20 लाख रुपये से अधिक की धनराशि प्राप्त की गई थी। इसके बाद आरोपियों ने कथित रूप से धोखाधड़ी करते हुए उक्त धनराशि हड़प ली। इस संबंध में पीड़िता की तहरीर के आधार पर कोतवाली मंगलौर में मामला दर्ज किया गया था। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक मंगलौर ने पुलिस टीम गठित कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए। इसी क्रम में 21 नवंबर 2026 को पुलिस टीम ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए मामले में वांछित दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कामिल हसन पुत्र इब्राहिम निवासी ग्राम खुड्डा थाना छपार जिला मुजफ्फरनगर उत्तर प्रदेश तथा तिलकराम उर्फ तेल्लूराम पुत्र स्वर्गीय रुमाल सिंह निवासी ग्राम तेजलहेड़ा थाना छपार जिला मुजफ्फरनगर उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। प्रकरण में अन्य संलिप्त आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है तथा उनकी गिरफ्तारी के लिए भी आगे की कार्रवाई जारी है। इस कार्रवाई में पुलिस टीम के उपनिरीक्षक संजय रावत अपर उपनिरीक्षक महेश चन्द उपनिरीक्षक श्याम बाबू कांस्टेबल सुधीर कुमार कांस्टेबल तेजपाल सिंह तथा कांस्टेबल चालक लाल सिंह शामिल रहे। हरिद्वार पुलिस ने बताया कि आर्थिक अपराध एवं धोखाधड़ी के मामलों में संलिप्त आरोपियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *