Spread the love

प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। राज्य आपदा प्रबंधन दिवस के अवसर पर शनिवार को जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया के निर्देशन में जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से राजकीय उत्कृष्ट इंटर कॉलेज पाबौ में जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में 100 से अधिक शिक्षक और छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। इस दौरान विद्यार्थियों को भूकंप सहित विभिन्न प्राकृतिक आपदाओं के प्रति जागरूक करने के साथ आपातकालीन परिस्थितियों में बचाव और सुरक्षा के व्यावहारिक तरीके सिखाए गए। मास्टर ट्रेनर किशन सिंह पंवार ने कहा कि आपदा के समय घबराने के बजाय सूझबूझ और सतर्कता से काम लेना जरूरी है। उन्होंने आपदा के दौरान त्वरित प्रतिक्रिया देने स्वयं की सुरक्षा सुनिश्चित करने और जरूरतमंदों की सहायता करने के तरीके बताए। उन्होंने कहा कि आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण और नियमित अभ्यास आपात स्थिति में जान-माल के नुकसान को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। प्रशिक्षण के दौरान भूकंप आधारित मॉक ड्रिल कराई गई। इसमें विद्यार्थियों ने भूकंप के समय सुरक्षित स्थान पर जाने स्वयं का बचाव करने और भवन से सावधानीपूर्वक बाहर निकलने का अभ्यास किया। साथ ही घायल व्यक्ति को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने के तरीके भी बताए गए। विद्यार्थियों ने उपलब्ध संसाधनों से अस्थायी स्ट्रेचर तैयार कर घायल व्यक्ति को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने का व्यावहारिक अभ्यास किया। कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य उत्तम सिंह सहित शिक्षक और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *