प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। देवप्रयाग पुलिस ने मानवीय संवेदनशीलता और तत्परता का परिचय देते हुए पिछले तीन वर्षों से लापता एक व्यक्ति को सकुशल उसके परिजनों से मिलवाया। होमगार्ड जवान सुमित भट्ट की सतर्कता और देवप्रयाग पुलिस के प्रयासों से बिछड़े व्यक्ति के परिवार में एक बार फिर खुशियां लौट आईं। जानकारी के अनुसार 21 नवंबर 2026 को कोतवाली देवप्रयाग क्षेत्रांतर्गत गौशाला के समीप एक व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में घूमता हुआ दिखाई दिया। इसी दौरान गुमशुदा व्यक्तियों की तलाश में रवाना पुलिस टीम में नियुक्त होमगार्ड जवान सुमित भट्ट की नजर उक्त व्यक्ति पर पड़ी। उन्होंने तत्परता दिखाते हुए व्यक्ति को सुरक्षित कोतवाली पहुंचाया और उसे भोजन कराया। इसके बाद पुलिस ने व्यक्ति से संवेदनशीलता एवं मानवीय व्यवहार के साथ पूछताछ की तथा ऑनलाइन माध्यम से भी जानकारी जुटाई। जांच में व्यक्ति की पहचान योगेश चंद्र मिश्रा पुत्र रमेश चंद्र मिश्रा निवासी ग्राम सोल डूंगरी पोस्ट ऑफिस डूंगरी थाना थराली जनपद चमोली के रूप में हुई। जानकारी करने पर पता चला कि योगेश चंद्र मिश्रा पिछले लगभग तीन वर्षों से लापता थे। उनकी गुमशुदगी के संबंध में थाना थराली जनपद चमोली में वर्ष 2023 में गुमशुदगी दर्ज की गई थी तथा वर्ष 2024 में भी इस संबंध में मामला पंजीकृत किया गया था। देवप्रयाग पुलिस ने तत्काल थाना थराली पुलिस एवं गुमशुदा व्यक्ति के परिजनों से संपर्क कर उन्हें पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। सूचना मिलते ही योगेश चंद्र मिश्रा के पिता रमेश चंद्र मिश्रा कोतवाली देवप्रयाग पहुंचे। इसके बाद पुलिस ने योगेश चंद्र मिश्रा को सकुशल उनके पिता के सुपुर्द कर दिया। अपने पुत्र को लगभग तीन वर्षों बाद सकुशल वापस पाकर पिता रमेश चंद्र मिश्रा भावुक हो उठे। उन्होंने देवप्रयाग पुलिस एवं कोतवाली में नियुक्त पुलिस कर्मियों के इस सराहनीय कार्य की प्रशंसा करते हुए उत्तराखंड पुलिस का आभार व्यक्त किया। देवप्रयाग पुलिस के इस मानवीय एवं सराहनीय कार्य की स्थानीय जनता द्वारा भी प्रशंसा की जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस का यह कार्य केवल कर्तव्य निर्वहन तक सीमित नहीं है बल्कि मित्र पुलिस के वास्तविक स्वरूप को दर्शाता है। पुलिस ने तीन वर्षों से बिछड़े व्यक्ति को उसके परिवार से मिलाकर उनके जीवन में फिर से खुशियां लौटाई हैं। टिहरी पुलिस ने कहा कि आमजन की सुरक्षा एवं सहायता के साथ-साथ मानवीय संवेदनाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए वह सदैव जनसेवा के लिए प्रतिबद्ध है।
