प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। विद्यार्थियों में भारतीय ज्ञान परंपराओं के प्रति जागरूकता और समझ को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 21 नवंबर 2026 को हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय में भारत बौद्धिक्स परीक्षा 2.0 का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। यह राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा विद्या भारती उच्च शिक्षा संस्थान तथा नॉलेज पार्टनर के रूप में भारतीय ज्ञान प्रणाली प्रभाग शिक्षा मंत्रालय भारत सरकार के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित की गई। परीक्षा के लिए विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों के कुल 207 विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया था। परीक्षा विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो.प्रकाश सिंह के मार्गदर्शन में केंद्राध्यक्ष प्रो.अनिल कुमार नौटियाल के पर्यवेक्षण तथा भारतीय ज्ञान प्रणाली समन्वयक डॉ. अमरजीत सिंह के प्रभावी समन्वय में संपन्न हुई। परीक्षा के सुचारू संचालन एवं सफल क्रियान्वयन में भारतीय ज्ञान प्रणाली समिति तथा शिक्षा विभाग का विशेष सहयोग और समर्पित योगदान रहा। परीक्षा में प्रतिभाग करने वाले सभी विद्यार्थियों को सहभागिता प्रमाणपत्र प्रदान किए जाएंगे जबकि मेरिट में चयनित विद्यार्थियों को पुरस्कार एवं मेरिट प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। इस परीक्षा के आयोजन का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को भारतीय ज्ञान परंपरा से परिचित कराना तथा इसके प्रति उनकी जागरूकता और समझ को बढ़ावा देना रहा।
