प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। जिला चिकित्सालय गोपेश्वर में रविवार को पल्स पोलियो अभियान-2026 के राज्य स्तरीय अभियान का शुभारंभ मुख्य विकास अधिकारी दीपक रामचंद्र शेट और विश्व स्वास्थ्य संगठन के प्रतिनिधि डॉ.विकास शर्मा ने बच्चों को पोलियोरोधी खुराक पिलाकर किया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी ने पांच वर्ष तक के सभी बच्चों के अभिभावकों से अपने बच्चों को अनिवार्य रूप से पोलियो की खुराक पिलाने की अपील की। उन्होंने कहा कि बच्चों को पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखने के लिए अभियान में सभी की सहभागिता जरूरी है। विश्व स्वास्थ्य संगठन के प्रतिनिधि डॉ.विकास शर्मा ने बताया कि उत्तराखंड में इस बार पल्स पोलियो अभियान चमोली नैनीताल टिहरी और पौड़ी जनपदों में संचालित किया जा रहा है। अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. वैष्णव कृष्णा ने बताया कि चमोली जनपद में अभियान के सफल संचालन के लिए 601 पोलियो बूथ और पांच ट्रांजिट बूथ स्थापित किए गए थे। अभियान के संचालन के लिए 92 पर्यवेक्षकों और 1 हजार 818 बूथ कर्मियों की तैनाती की गई थी। अभियान के प्रथम चरण में रविवार को जनपद में 24 हजार 705 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई गई। शेष 5 हजार 537 बच्चों को दूसरे और तीसरे चरण में स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर पोलियोरोधी दवा पिलाएंगी। कार्यक्रम में प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. दीपक नेगी सहायक प्रतिरक्षण अधिकारी रचना जिला कार्यक्रम प्रबंधक नरेंद्र सिंह जिला आईईसी एवं मीडिया समन्वयक उदय सिंह रावत जिला कोल्ड चेन मैनेजर महेश देवराड़ी फील्ड सुपरवाइजर विपिन मालगुड़ी और डाटा एंट्री ऑपरेटर आस्था तिवारी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
