प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। पुलिस कर्मियों के कल्याण और बेहतर आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे ने महत्वपूर्ण पहल की है। इसी क्रम में उन्होंने पुलिस लाइन चंबा और कोतवाली चंबा में नवीनीकृत दो स्मार्ट बैरकों तथा भोजनालय का उद्घाटन किया। पुलिस लाइन चंबा में पुलिस कर्मचारियों के निवास के लिए निर्मित बैरक काफी समय से जर्जर अवस्था में था। इसका आवश्यक मरम्मत एवं सुदृढ़ीकरण कर बेहतर और सुरक्षित आवासीय स्वरूप प्रदान किया गया है। वहीं कोतवाली चंबा में महिला पुलिस कर्मियों की आवासीय आवश्यकताओं और सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए उनके लिए पृथक बैरक का चयन कर उसका नवीनीकरण कराया गया है। महिला कर्मचारियों की जरूरतों के अनुरूप बैरक को व्यवस्थित और सुविधाजनक बनाया गया है जिससे उन्हें ड्यूटी के बाद सुरक्षित स्वच्छ और आरामदायक वातावरण मिल सके। इसके साथ ही कोतवाली चंबा में नवीनीकृत भोजनालय का भी उद्घाटन किया गया। बैरकों और भोजनालय के नवीनीकरण का मुख्य उद्देश्य पुलिस कर्मियों को बेहतर आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ उनके रहने और भोजन की परिस्थितियों को सुरक्षित एवं स्वच्छ बनाना है। बेहतर आवासीय सुविधाओं से पुलिस कर्मियों के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्षमता और मनोबल में सकारात्मक वृद्धि होती है। इस अवसर पर एसएसपी श्वेता चौबे ने कहा कि पुलिस कर्मी दिन-रात आमजन की सुरक्षा और सेवा में तत्पर रहते हैं। ऐसे में उनके लिए बेहतर आवासीय एवं मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना आवश्यक है। उन्होंने पुलिस कर्मियों के कल्याण और सुविधाओं को पुलिस प्रशासन की महत्वपूर्ण प्राथमिकता बताया। टिहरी पुलिस द्वारा पुलिस कर्मियों के कल्याण सुविधाओं और बेहतर कार्य वातावरण के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। भविष्य में भी पुलिस आवासीय परिसरों और अन्य आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण की दिशा में आवश्यक कार्यवाही जारी रहेगी। उद्घाटन के अवसर पर क्षेत्राधिकारी चंबा महेश लखेड़ा प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन चंबा अमित कुमार प्रभारी निरीक्षक कोतवाली चंबा विपिन बहुगुणा सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
