Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। जिला सैनिक परिषद की वर्ष 2026 की चतुर्थ त्रैमासिक बैठक सोमवार को जिला कार्यालय सभागार रोशनाबाद में मुख्य विकास अधिकारी के प्रतिनिधि जिला विकास अधिकारी केके पंत की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में पूर्व सैनिकों की विभिन्न समस्याओं क्षेत्रीय विकास से जुड़े मुद्दों और पिछली बैठकों में उठाए गए प्रकरणों पर विस्तार से चर्चा की गई। संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के निस्तारण के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। बैठक में कर्नल डीबी राय स्टेशन मुख्यालय रुड़की सुब्रत सिंह सहायक अभियंता जल संस्थान हरिद्वार सहित पूर्व सैनिक और ब्लॉक प्रतिनिधि उपस्थित रहे। बैठक का संचालन वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी ने किया। उन्होंने अध्यक्ष और उपस्थित अतिथियों का स्वागत करते हुए पिछली त्रैमासिक बैठक में उठाए गए विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा की तथा उन पर की गई कार्रवाई से अवगत कराया। बैठक में अवैध निर्माण लालढांग क्षेत्र के पिन कोड में परिवर्तन शहीद स्मारक के लिए भूमि चिह्नित करने और वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा के दृष्टिगत थाने में बैठक आयोजित किए जाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई। लालढांग क्षेत्र में अतिक्रमण की समस्या के संबंध में अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। क्षेत्र में विद्युत कटौती की समस्या को गंभीरता से लेते हुए अधिशासी अभियंता यूपीसीएल को दूरभाष पर समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए गए। चमरिया लालढांग क्षेत्र में हर घर नल योजना के अंतर्गत पेयजल सुविधा की वास्तविक स्थिति से अवगत कराने के लिए सहायक अभियंता जल संस्थान को निर्देशित किया गया। बैठक में चकमार्ग संख्या 1302 और 1412 से अतिक्रमण हटाने का विषय भी उठाया गया। इस संबंध में प्रभारी उपजिलाधिकारी हरिद्वार को दूरभाष पर अवगत कराते हुए आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया। साथ ही जिला सैनिक कल्याण कार्यालय को संबंधित प्रकरणों में नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बैठक के अंत में जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी विंग कमांडर डॉ. सरिता पंवार सेवानिवृत्त ने अध्यक्ष अतिथियों और सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। इसके बाद बैठक समाप्त होने की घोषणा की गई। बैठक में जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालय हरिद्वार के समस्त कार्मिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *