प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे के निर्देशन में सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली जनहानि रोकने और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से टिहरी पुलिस द्वारा जनपदभर में विशेष हेलमेट जागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है। यातायात निदेशालय उत्तराखंड देहरादून के आदेशों के क्रम में चलाए जा रहे इस अभियान के तहत थाना मुनि की रेती क्षेत्र में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान एसएसपी श्वेता चौबे ने सड़क सुरक्षा रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने स्वयं अभियान की कमान संभालते हुए दोपहिया वाहनों पर पीछे बैठने वाली सवारी के हेलमेट नहीं पहनने पर उन्हें निःशुल्क हेलमेट वितरित किए और अपने हाथों से हेलमेट पहनाकर सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम के दौरान एसएसपी ने आमजन को संदेश दिया कि सड़क पर वाहन चलाते समय स्वयं की सुरक्षा के साथ पीछे बैठने वाली सवारी की सुरक्षा भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। दोपहिया वाहन पर चालक के साथ पीछे बैठने वाले व्यक्ति के लिए भी हेलमेट पहनना अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि हेलमेट केवल पुलिस की कार्रवाई अथवा चालान से बचने का साधन नहीं बल्कि अनमोल जीवन की सुरक्षा का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे स्वयं हेलमेट पहनने के साथ ही अपने परिवार के सदस्यों और परिचितों को भी हेलमेट पहनने के लिए प्रेरित करें। एक छोटी सी सावधानी किसी परिवार को जीवनभर के दुख से बचा सकती है। अभियान के अंतर्गत यातायात पुलिस द्वारा जनपद के प्रमुख चौराहों बाजारों विभिन्न मार्गों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। पुलिसकर्मियों द्वारा दोपहिया वाहन चालकों और पीछे बैठने वाली सवारियों को हेलमेट पहनने हेलमेट की स्ट्रैप सही तरीके से बांधने तथा मानक आईएसआई मार्क हेलमेट का प्रयोग करने की जानकारी दी जा रही है। पुलिस ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं में सिर पर लगने वाली गंभीर चोटें मृत्यु और स्थायी विकलांगता का प्रमुख कारण बनती हैं। ऐसे में सही तरीके से पहना गया मानक हेलमेट दुर्घटना के दौरान सिर की गंभीर चोटों के जोखिम को काफी हद तक कम कर सकता है। टिहरी पुलिस ने आमजन से अपील की है कि दोपहिया वाहन चलाते समय चालक के साथ पीछे बैठने वाली सवारी भी हेलमेट अवश्य पहने। हमेशा मानक आईएसआई मार्क हेलमेट का ही प्रयोग करें और हेलमेट पहनने के बाद उसकी स्ट्रैप ठीक से बांधें। इसके साथ ही यातायात नियमों का पालन करें तथा निर्धारित गति सीमा में ही वाहन चलाएं। पुलिस ने लोगों से अपने बच्चों और परिवार के सदस्यों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने की अपील की। टिहरी पुलिस ने कहा कि हेलमेट को अपनी आदत और जीवन का अनिवार्य हिस्सा बनाएं क्योंकि प्रत्येक व्यक्ति का जीवन उसके परिवार के लिए अनमोल है। हेलमेट केवल सिर की सुरक्षा ही नहीं बल्कि परिवार की खुशियों की सुरक्षा भी है। कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी नरेंद्रनगर सुरेंद्र सिंह भंडारी क्षेत्राधिकारी यातायात तनुजा बिष्ट प्रभारी निरीक्षक मुनिकीरेती प्रदीप चौहान यातायात उपनिरीक्षक विपिन बिष्ट सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। टिहरी गढ़वाल पुलिस ने संदेश दिया कि आपकी सुरक्षा हमारा संकल्प है।
