प्रदीप कुमार
देहरादून/श्रीनगर गढ़वाल। संविधान दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी महानगर देहरादून के महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ उमेश अग्रवाल के नेतृत्व में दून मेडिकल कॉलेज देहराखास में भव्य प्रबुद्ध जन सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में मुख्य वक्ता भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राम माधव ने कहा कि भारतीय संविधान की मूल भावना सामाजिक समरसता और राष्ट्र निर्माण का आधार है। उन्होंने कहा कि संविधान को कोई खतरा नहीं है बल्कि खतरा कांग्रेस पार्टी को अपना है। सम्मेलन में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट प्रदेश महामंत्री संगठन फणींद्रनाथ शर्मा राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग के अध्यक्ष भगवत प्रसाद मकवाना कैबिनेट मंत्री खजान दास प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार तरुण बंसल श्रीमती दीप्ति रावत टिहरी सांसद माला राज्य लक्ष्मी शाह नरेश बंसल महापौर सौरभ थपलियाल श्रीमती स्वराज विद्वान देहरादून बार काउंसिल के अध्यक्ष अनिल शर्मा डॉ.महेश कुड़ियल एवं पंकज गुप्ता सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। सम्मेलन में शिक्षाविदों प्रबुद्धजनों अधिवक्ताओं तथा समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले विशिष्ट व्यक्तियों ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम का शुभारंभ भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर और संविधान की गरिमा को नमन करते हुए किया गया। मुख्य वक्ता राम माधव ने अपने संबोधन में भारतीय संविधान की निर्माण यात्रा उसकी मूल भावना लोकतांत्रिक मूल्यों तथा भारतीय समाज में उसके महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर के नेतृत्व में निर्मित भारतीय संविधान केवल एक कानूनी दस्तावेज नहीं है बल्कि यह देश की एकता अखंडता समानता सामाजिक न्याय और प्रत्येक नागरिक के अधिकारों की रक्षा करने वाला राष्ट्रीय मार्गदर्शक है। संविधान ने प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार और अवसर प्रदान करते हुए लोकतंत्र को मजबूत आधार दिया है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2015 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आजादी के 75वें वर्ष के अवसर पर 26 नवंबर को संविधान गौरव दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया था। संविधान कोई राजनीतिक दस्तावेज नहीं बल्कि देश का गौरव और अत्यंत महत्वपूर्ण दस्तावेज है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी संविधान के मूल्यों लोकतांत्रिक परंपराओं और संवैधानिक मर्यादाओं के प्रति सदैव प्रतिबद्ध रही है। भाजपा सरकारों ने संविधान की भावना के अनुरूप समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने का कार्य किया है। राम माधव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से देश में विकास को नई गति दे रही है जबकि कांग्रेस आज संविधान दिवस पर संविधान की रक्षा की बात कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि संविधान को खतरा नहीं है बल्कि कांग्रेस पार्टी को अपना खतरा है। उन्होंने कहा कि इंदिरा गांधी के कार्यकाल में संविधान में कई बदलाव किए गए और संविधान के नियमों में बदलाव की आड़ में उसे नुकसान पहुंचाने का काम कांग्रेस ने किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश अपने कर्तव्यों का बोध करते हुए आगे बढ़ रहा है और संविधान सुरक्षित हाथों में है। राम माधव ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे संविधान की वास्तविक भावना और उसकी प्रेरणा को समझें। स्वतंत्रता के महत्व को जानने के साथ अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहें और कर्तव्यों को ध्यान में रखकर आगे बढ़ें। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता तक सही तथ्यों और संवैधानिक मूल्यों की जानकारी पहुंचाना अत्यंत आवश्यक है। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस लगातार संविधान को लेकर आम जनमानस के बीच भ्रम फैलाने का प्रयास करती रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से तथ्यों और संवैधानिक प्रावधानों के माध्यम से जनता को जागरूक करने तथा संविधान के नाम पर फैलाए जा रहे भ्रम का लोकतांत्रिक तरीके से जवाब देने का आह्वान किया। उन्होंने सम्मेलन में उपस्थित प्रबुद्धजनों शिक्षाविदों एवं सम्मानित महानुभावों के सामाजिक शैक्षिक सांस्कृतिक और राष्ट्र निर्माण के क्षेत्र में किए गए उल्लेखनीय कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि समाज के प्रतिष्ठित और अनुभवी व्यक्तित्व राष्ट्र की अमूल्य धरोहर हैं। उनके अनुभव विचार और योगदान आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं। समाज के प्रत्येक वर्ग के सहयोग से ही सशक्त समरस और विकसित भारत का निर्माण संभव है। कार्यक्रम संयोजक एवं प्रदेश उपाध्यक्ष तथा महानगर प्रभारी राकेश गिरी ने सभी अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया। उन्होंने बाबा साहेब डॉ.भीमराव अंबेडकर को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए कहा कि उनका संपूर्ण जीवन सामाजिक समानता न्याय समरसता और वंचित वर्गों के उत्थान के लिए समर्पित रहा। उनका जीवन दर्शन समाज के प्रत्येक वर्ग के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब ने ऐसा संविधान प्रदान किया जिसमें समाज के प्रत्येक व्यक्ति को समान अधिकार सम्मान और अवसर प्राप्त हुए। उनका विचार था कि समाज में किसी भी व्यक्ति के साथ भेदभाव नहीं होना चाहिए और प्रत्येक नागरिक को समानता के साथ आगे बढ़ने का अवसर मिलना चाहिए। उनके विचार आज भी राष्ट्र निर्माण और सामाजिक समरसता के लिए प्रासंगिक हैं। महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ उमेश अग्रवाल ने अतिथियों का परिचय कराते हुए सम्मेलन में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राम माधव की उपस्थिति को गौरवपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि संविधान दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं है बल्कि संविधान के आदर्शों मूल्यों और उसमें निहित नागरिक कर्तव्यों को आत्मसात करने का दिन है। सभी को बाबा साहेब के बताए मार्ग पर चलते हुए समरस सशक्त एवं विकसित भारत के निर्माण में योगदान देना चाहिए। कार्यक्रम के समापन पर देहरादून बार काउंसिल के अध्यक्ष अनिल शर्मा ने सभी अतिथियों का स्वागत एवं आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संविधान दिवस हमें अपने अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों का भी स्मरण कराता है। बाबा साहेब डॉ.भीमराव अंबेडकर ने जिस समतामूलक न्यायपूर्ण और सशक्त भारत की परिकल्पना की थी उसे साकार करने के लिए सभी को अपने दायित्वों का निर्वहन करना होगा। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी संविधान की गरिमा एवं उसकी मूल भावना को सर्वोपरि रखते हुए राष्ट्रहित और जनसेवा के संकल्प के साथ निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने मुख्य वक्ता राम माधव प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट सहित सभी प्रबुद्धजनों शिक्षाविदों एवं सम्मानित महानुभावों का आभार व्यक्त किया और कहा कि समाज के प्रतिष्ठित व्यक्तित्वों का मार्गदर्शन संगठन और समाज दोनों के लिए महत्वपूर्ण है। कार्यक्रम संयोजक सुरेंद्र राणा तथा सहसंयोजक सुनील शर्मा राजेश बडोनी एवं देवेंद्र पाल रहे। कार्यक्रम में दायित्वधारी श्याम अग्रवाल कुलदीप बुटोला मधु भट्ट श्रीमती स्वराज विद्वान महानगर वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजेंद्र ढिल्लों सुनील शर्मा राजेश कंबोज संकेत नौटियाल संध्या थापा महानगर महामंत्री संदीप मुखर्जी विजेंद्र थपलियाल मंत्री मोहित शर्मा सीता रावत समीर डोभाल जगदीश सिंबल विनोद शर्मा प्रदीप कुमार मोतीराम संदीप बिजलवान विजय कुमार श्रेय नौटियाल बलदेव नेगी सुमन सिंह कुलदीप पंत एवं प्रदीप वर्मा सहित सैकड़ों की संख्या में शिक्षाविद बुद्धिजीवी वर्ग तथा विभिन्न सामाजिक क्षेत्रों से जुड़े गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
