प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। आगामी विधानसभा चुनाव के दृष्टिगत निर्वाचन संबंधी दिशा-निर्देशों एवं प्रशासनिक आवश्यकताओं के चलते जनपद चमोली से अन्य जनपदों में स्थानांतरित हुए चार पुलिस अधिकारियों के सम्मान में पुलिस कार्यालय गोपेश्वर में विदाई समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान निरीक्षक राकेश भट्ट निरीक्षक चित्रगुप्त उपनिरीक्षक लक्ष्मी प्रसाद बिजल्वाण एवं उपनिरीक्षक नवनीत भण्डारी को भावभीनी विदाई दी गई। पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पँवार सहित पुलिस परिवार ने चारों अधिकारियों की सेवाओं एवं योगदान की सराहना करते हुए उनकी नवीन तैनाती के लिए शुभकामनाएं दीं। समारोह में चारों अधिकारियों ने जनपद में अपनी सेवाओं के दौरान प्राप्त अनुभवों कार्यकाल की यादों और सहकर्मियों के साथ बिताए समय को साझा किया। उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों से मिले मार्गदर्शन तथा सहकर्मियों से प्राप्त सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पँवार ने कहा कि पुलिस विभाग में स्थानांतरण सेवा का अभिन्न हिस्सा है। प्रत्येक अधिकारी अपने कार्यों कर्तव्यनिष्ठा और व्यवहार से अपनी अलग पहचान बनाता है। उन्होंने चारों अधिकारियों द्वारा जनपद में दी गई सेवाओं और योगदान की सराहना करते हुए विश्वास जताया कि वे नवीन तैनाती पर भी पूरी निष्ठा समर्पण एवं कार्यकुशलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे। निरीक्षक राकेश भट्ट वर्ष 2022 से जनपद चमोली में नियुक्त थे। इस दौरान उन्होंने डीसीआरबी प्रभारी तथा प्रभारी निरीक्षक कोतवाली ज्योतिर्मठ एवं कर्णप्रयाग सहित विभिन्न महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन किया। ज्योतिर्मठ में नियुक्ति के दौरान पुलिस महानिदेशक द्वारा उन्हें सराहनीय सेवाओं के लिए सराहनीय सेवा सम्मान चिह्न से सम्मानित किया गया। उनका स्थानांतरण जनपद हरिद्वार हुआ है। निरीक्षक चित्रगुप्त वर्ष 2025 से जनपद चमोली में नियुक्त थे। उन्होंने पुलिस कार्यालय गोपेश्वर एवं प्रभारी निरीक्षक थाना गोविन्दघाट के रूप में सेवाएं दीं। श्री हेमकुण्ड साहिब की पवित्र यात्रा के दौरान सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने और यात्रा के सकुशल संचालन में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनका स्थानांतरण जनपद पौड़ी गढ़वाल हुआ है। उपनिरीक्षक लक्ष्मी प्रसाद बिजल्वाण जून 2022 में जनपद चमोली में नियुक्त हुए थे। उन्होंने चौकी प्रभारी नन्दानगर घाट वरिष्ठ उपनिरीक्षक कोतवाली चमोली वरिष्ठ उपनिरीक्षक एवं प्रभारी निरीक्षक कोतवाली श्री बदरीनाथ थाना प्रभारी गोविन्दघाट चौकी प्रभारी गौचर पीपलकोटी एवं आदिबदरी तथा वरिष्ठ उपनिरीक्षक कोतवाली गैरसैंण सहित विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर सेवाएं दीं। उन्होंने श्री बदरीनाथ धाम एवं श्री हेमकुण्ड साहिब की पवित्र यात्राओं के सफल एवं सुचारु संचालन में महत्वपूर्ण योगदान दिया। इसके अतिरिक्त विश्व प्रसिद्ध गौचर मेले एवं पीपलकोटी बण्ड मेले को सकुशल और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनका स्थानांतरण जनपद देहरादून हुआ है। उपनिरीक्षक नवनीत भण्डारी वर्ष 2022 में जनपद चमोली स्थानांतरित होकर आए थे। उन्होंने लगभग ढाई वर्ष तक थानाध्यक्ष श्री बदरीनाथ थानाध्यक्ष कोतवाली गोपेश्वर प्रभारी एसओजी एवं चुनाव सेल प्रभारी के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का कुशलतापूर्वक निर्वहन किया। श्री बदरीनाथ धाम में नियुक्ति के दौरान उन्होंने चारधाम यात्रा के सकुशल एवं सुचारु संचालन के साथ विभिन्न वीवीआईपी एवं विशिष्ट महानुभावों के दर्शन और भ्रमण की व्यवस्थाओं में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उत्कृष्ट विवेचना एवं कर्तव्यनिष्ठा के लिए उन्हें केंद्रीय गृह मंत्रालय भारत सरकार द्वारा सर्वोत्कृष्ट आपराधिक विवेचना पुरस्कार से सम्मानित किया गया। वहीं वन्यजीव तस्करी की रोकथाम एवं वन्यजीवों की बरामदगी के सराहनीय कार्यों के लिए वन मंत्रालय भारत सरकार द्वारा भी सम्मानित किया गया। उनके कार्यकाल की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बदरीनाथ क्षेत्र में मिले अज्ञात शव की लगभग एक वर्ष दो माह बाद डीएनए परीक्षण के माध्यम से शिनाख्त करना रही। इस जटिल एवं चुनौतीपूर्ण कार्य को सफलतापूर्वक पूरा करने पर पुलिस मुख्यालय स्तर से उच्चाधिकारियों ने उनके कार्य की विशेष सराहना की। उनका स्थानांतरण जनपद देहरादून हुआ है। विदाई समारोह में चारों अधिकारियों ने कहा कि चमोली जैसे सीमांत एवं विषम भौगोलिक परिस्थितियों वाले जनपद में कार्य करना उनके लिए यादगार अनुभव रहा है। यहां चारधाम यात्रा श्री हेमकुण्ड साहिब यात्रा मेलों एवं विभिन्न महत्वपूर्ण आयोजनों के दौरान टीम के साथ मिलकर कार्य करने के कई अवसर मिले। उन्होंने कहा कि जनपद में तैनाती के दौरान वरिष्ठ अधिकारियों से प्राप्त मार्गदर्शन एवं सहकर्मियों से मिला सहयोग हमेशा याद रहेगा। चमोली पुलिस परिवार के साथ बिताया गया समय और यहां से मिली सीख उनके आगामी सेवाकाल में भी काम आएगी। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों का सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के अंत में पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पँवार ने चारों स्थानांतरित अधिकारियों को शॉल ओढ़ाकर एवं स्मृति चिह्न भेंट कर विदाई दी। चमोली पुलिस परिवार की ओर से उनकी सेवाओं एवं योगदान के लिए आभार व्यक्त करते हुए नवीन तैनाती के लिए शुभकामनाएं दी गईं। इस अवसर पर पुलिस उपाधीक्षक चमोली मदन सिंह बिष्ट सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
