Spread the love

प्रदीप कुमार
भगवानपुर-हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। भगवानपुर के सिकन्दरपुर भैंसवाल स्थित मैसर्स आरएजी इंजन्स प्राइवेट लिमिटेड के वाहन स्क्रैपिंग सेंटर में निरीक्षण के दौरान गंभीर खामियां मिलने पर आरटीओ प्रशासन संदीप सैनी ने सेंटर को सील करवा दिया। सुधार किए जाने तक सेंटर में वाहन स्क्रैपिंग सहित अन्य संचालन संबंधी कार्य बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं। संभागीय परिवहन अधिकारी प्रशासन देहरादून संभाग संदीप सैनी के नेतृत्व में गठित टीम ने सेंटर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान एआरटीओ प्रशासन हरिद्वार निखिल शर्मा एआरटीओ प्रवर्तन रुड़की कृष्ण पलड़िया एवं एआरटीओ प्रशासन रुड़की जितेन्द्र चन्द मौजूद रहे। जांच में सेंटर संचालक द्वारा मानकों के अनुसार कार्यरत कर्मचारियों का विवरण उपलब्ध नहीं कराया गया। सेंटर में अधिकांश मशीनें उपलब्ध नहीं थीं और जो मशीनें मौजूद थीं वे कर्मचारियों के अनुसार पिछले कुछ महीनों से काम नहीं कर रही थीं। वाहनों से तेल ईंधन एवं अन्य हानिकारक तरल पदार्थ निकालने तथा उनके सुरक्षित भंडारण और निस्तारण की व्यवस्थाओं में गंभीर कमियां पाई गईं। बैटरी एसी गैस एवं इलेक्ट्रॉनिक अपशिष्ट के प्रबंधन की व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं मिली। वाहन लिफ्ट क्रियाशील नहीं थी और अग्निशमन सहित अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं का भी अभाव पाया गया। परिसर में स्क्रैप और टूटे हुए शीशे अव्यवस्थित रूप से जमीन पर बिखरे मिले। वाहन स्क्रैपिंग सामग्री के भंडारण एवं अपशिष्ट निस्तारण से संबंधित आवश्यक अभिलेख भी प्रस्तुत नहीं किए गए। निर्धारित मानकों के अनुरूप आवश्यक तकनीकी एवं प्रशिक्षित कर्मचारी भी सेंटर में नहीं पाए गए। मौके पर मौजूद कर्मचारी और श्रमिक संचालन एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं से जुड़े सवालों के संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। पर्यावरण एवं जनसुरक्षा को संभावित खतरे को देखते हुए सेंटर में वाहन स्क्रैपिंग विखंडन एवं अन्य संचालन संबंधी कार्य अग्रिम निर्देशों तक बंद रखने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण आख्या में सेंटर संचालक से स्पष्टीकरण प्राप्त करने अभिलेखों का सत्यापन कराने और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से तकनीकी जांच कराने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई करने की संस्तुति की गई है। इसके अतिरिक्त एआरटीओ रुड़की एवं हरिद्वार को एक सप्ताह के भीतर अन्य वाहन स्क्रैपिंग सेंटरों का भी निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही यह सुनिश्चित करने को कहा गया है कि सभी सेंटर निर्धारित मानकों का अनुपालन करने के बाद ही संचालित हों।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *