प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार टिहरी में गोष्ठी एवं परिचर्चा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने उपस्थित अधिकारियों अधिवक्ताओं एवं कर्मचारियों को संविधान दिवस की शुभकामनाएं देते हुए संविधान के मूल्यों आदर्शों और लोकतांत्रिक परंपराओं को आत्मसात करने का आह्वान किया। इस अवसर पर जनपद के पांच वरिष्ठ अधिवक्ताओं राजेंद्र सिंह जयेंद्र दत्त सकलानी केसर सिंह राणा हरपाल सिंह रौतेला और दिनेश चंद्र सेमवाल को स्मृति चिह्न शॉल एवं प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मानित किया गया। इनमें जयेंद्र दत्त सकलानी और हरपाल सिंह रौतेला अनुपस्थित रहे। जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने कहा कि यह गर्व की बात है कि भारत का अपना लिखित संविधान है और हम सभी उसके अभिन्न अंग हैं। संविधान देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था समानता न्याय एवं नागरिक अधिकारों का आधार है। उत्तराखंड के परिप्रेक्ष्य में राज्य ने भी संवैधानिक मूल्यों और सुशासन की भावना के अनुरूप कई महत्वपूर्ण पहल की हैं। उन्होंने समान नागरिक संहिता लागू करने तथा युवाओं के हितों की रक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए नकल विरोधी कानून लागू करने को राज्य के महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि इन पहलों से सामाजिक समानता पारदर्शिता एवं न्यायपूर्ण व्यवस्था को बढ़ावा मिला है। हमें अपने संविधान और उसके मूल्यों के प्रति सम्मान रखते हुए अपने दायित्वों का भी पूरी निष्ठा से निर्वहन करना चाहिए। संविधान दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी सहित उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने संविधान की उद्देशिका का सामूहिक वाचन किया और संवैधानिक मूल्यों के पालन की शपथ ली। गोष्ठी एवं परिचर्चा के दौरान सहायक लोक अभियोजन परवाज अख्तर ने उत्तराखंड समान नागरिक संहिता तथा भू-कानून संशोधन अधिनियम 2025 के प्रमुख प्रावधानों की जानकारी दी। नामित अधिवक्ता राम स्वरूप जोशी ने नकल विरोधी कानून तथा सार्वजनिक एवं निजी संपत्ति क्षति वसूली से संबंधित कानून के विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डाला। वहीं नामित अधिवक्ता बृजेश दत्त ने धर्म स्वतंत्रता अधिनियम देवभूमि परिवार अधिनियम एवं अल्पसंख्यक शिक्षा अधिनियम के प्रावधानों पर विस्तार से चर्चा की। कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल अपर जिलाधिकारी शैलेंद्र सिंह नेगी बार एसोसिएशन अध्यक्ष जयवीर सिंह रावत सहायक निदेशक अभियोजन नितिन मोहन विशेष भू अध्यापित अधिकारी नीलू चावला सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी अधिवक्ता एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
