प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। विद्यार्थियों को कृषि क्षेत्र में रोजगार एवं स्वरोजगार की संभावनाओं से परिचित कराने और कृषि शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज में कृषि क्षेत्र पर विशेषज्ञ व्याख्यान आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य शिक्षकगण और लगभग 150 विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि मुख्य कृषि अधिकारी रुद्रप्रयाग लोकेन्द्र बिष्ट उपस्थित रहे। वहीं विषय विशेषज्ञ मृदा विज्ञान विशेषज्ञ एवं सहायक कृषि अधिकारी डॉ. चयन पंत ने विद्यार्थियों को कृषि क्षेत्र की विभिन्न विधाओं और आधुनिक कृषि तकनीकों की विस्तृत जानकारी दी। इस अवसर पर ग्राम बरसू के प्रगतिशील कृषक विजय सेमवाल को भी आमंत्रित किया गया था। मुख्य कृषि अधिकारी लोकेन्द्र बिष्ट ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि कृषि केवल परंपरागत खेती तक सीमित नहीं है बल्कि यह विज्ञान तकनीक उद्यमिता और रोजगार के व्यापक अवसरों वाला महत्वपूर्ण क्षेत्र है। उन्होंने विद्यार्थियों को कक्षा 12वीं के बाद कृषि क्षेत्र में उच्च शिक्षा प्राप्त करने और इस क्षेत्र में अपना करियर बनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने उत्तराखंड में कृषि शिक्षा के प्रमुख संस्थानों गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय पंतनगर तथा भरसार स्थित उत्तराखंड औद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय के बारे में भी जानकारी दी। विषय विशेषज्ञ डॉ. चयन पंत ने कृषि विज्ञान मृदा विज्ञान उद्यानिकी डेयरी विकास मत्स्य पालन मधुमक्खी पालन और पुष्प उत्पादन सहित कृषि से जुड़े विभिन्न उपक्षेत्रों में शिक्षा रोजगार एवं उद्यमिता की संभावनाओं के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि तकनीकी ज्ञान और नवाचार के माध्यम से युवा कृषि क्षेत्र में स्वरोजगार अपनाकर अपनी आजीविका का बेहतर साधन विकसित कर सकते हैं। कार्यक्रम में आमंत्रित प्रगतिशील कृषक विजय सेमवाल ने अपने कृषि अनुभव विद्यार्थियों के साथ साझा किए। उन्होंने अपने खेतों में उत्पादित विभिन्न कृषि एवं बागवानी उत्पादों जैसे बीन माल्टा नींबू मूली और लगभग 6.5 किलोग्राम वजन की विशाल अरबी का प्रदर्शन किया। विशेष रूप से 6.5 किलोग्राम की अरबी विद्यार्थियों के बीच आकर्षण का केंद्र रही। उन्होंने बताया कि पर्वतीय क्षेत्रों में स्थानीय जलवायु और उपलब्ध संसाधनों के अनुरूप विविध फसलों एवं बागवानी उत्पादों का उत्पादन कर अच्छी संभावनाएं विकसित की जा सकती हैं। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को कृषि क्षेत्र में व्यावहारिक अनुभव आधुनिक तकनीकों उच्च शिक्षा के विकल्पों और कृषि आधारित उद्यम स्थापित करने के अवसरों की जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को कृषि को सम्मानजनक संभावनाओं से परिपूर्ण और भविष्य उन्मुख करियर विकल्प के रूप में अपनाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में कृषि के प्रति रुचि विकसित करना तथा उन्हें कृषि एवं इससे जुड़े विभिन्न क्षेत्रों में उच्च शिक्षा रोजगार और स्वरोजगार के अवसरों से परिचित कराना रहा।
