प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। बैकुंठ चतुर्दशी मेला एवं विकास प्रदर्शनी-2026 के अंतर्गत गोला बाजार में प्रसिद्ध ढोल वादक डॉ. सोहन लाल के नेतृत्व में चंद्रबदनी नाद समिति की ओर से ढोल सागर की शानदार प्रस्तुति दी गई। ढोल-दमाऊं की गूंज और पारंपरिक वादन की मनमोहक धुनों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। प्रस्तुति के दौरान पूरा गोला बाजार उत्तराखंड की लोक संस्कृति और पारंपरिक संगीत के रंग में रंगा नजर आया। डॉ.सोहन लाल ने अपनी टीम के साथ उत्तराखंड की सदियों पुरानी ढोल सागर परंपरा के विभिन्न पक्षों को वादन के माध्यम से प्रस्तुत किया। ढोल की अलग-अलग ताल लय और थाप के जरिए उन्होंने लोक संस्कृति में ढोल सागर के महत्व और उसकी विशिष्टता को दर्शाया। चंद्रबदनी नाद समिति के कलाकारों के सामूहिक वादन ने कार्यक्रम को और आकर्षक बना दिया। पारंपरिक वाद्य यंत्रों की गूंज के बीच दर्शक भी लोक संगीत की इस अनूठी विरासत का आनंद लेते नजर आए। उत्तराखंड की लोक परंपराओं में ढोल-दमाऊं का विशेष स्थान है। मांगलिक अवसरों से लेकर धार्मिक अनुष्ठानों देवी-देवताओं के जागरों और विभिन्न सांस्कृतिक आयोजनों तक इन वाद्य यंत्रों की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। ढोल सागर इसी समृद्ध परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है जिसमें ढोल की अलग-अलग तालों और वादन शैलियों का विशेष महत्व है। डॉ. सोहन लाल एवं चंद्रबदनी नाद समिति की टीम ने अपनी प्रस्तुति के माध्यम से दर्शकों का मनोरंजन करने के साथ ही पहाड़ की पारंपरिक लोक विरासत को मंच पर जीवंत किया। कार्यक्रम देखने के लिए बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और मेला घूमने पहुंचे दर्शक मौजूद रहे। प्रस्तुति के दौरान दर्शकों ने तालियों के साथ कलाकारों का उत्साहवर्धन किया। मेले में आयोजित इस तरह की प्रस्तुतियां उत्तराखंड की लोक संस्कृति पारंपरिक वाद्य यंत्रों और सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का माध्यम बन रही हैं। चंद्रबदनी नाद समिति की प्रस्तुति ने भी दर्शकों को पहाड़ की समृद्ध लोक परंपराओं से रूबरू कराया।
