Spread the love

प्रदीप कुमार
रुड़की-हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर जनपद में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली रुड़की पुलिस ने मेडिकल स्टोर संचालक को नशीले कैप्सूल एवं प्रतिबंधित इंजेक्शन के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 79 ट्रामाडोल कैप्सूल (स्पैस्मोविल प्लस) और 8 ब्यूप्रेनॉर्फिन इंजेक्शन (2 एमएल) बरामद किए हैं। आरोपी मेडिकल स्टोर की आड़ में नशीली दवाओं एवं इंजेक्शन की तस्करी कर रहा था। 25 और 26 नवंबर की मध्यरात्रि सिविल लाइंस रुड़की पुलिस टीम ग्राम भंगेड़ी जाने वाले मार्ग पर संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान भंगेड़ी की ओर से आ रहे एक संदिग्ध व्यक्ति ने पुलिस टीम को देखकर वापस भागने का प्रयास किया। सतर्क पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे में मौजूद सफेद प्लास्टिक के डिब्बे से 79 ट्रामाडोल कैप्सूल और 8 ब्यूप्रेनॉर्फिन इंजेक्शन बरामद हुए। पूछताछ में आरोपी की पहचान नदीम खान पुत्र रियासत निवासी ग्राम भंगेड़ी थाना कोतवाली सिविल लाइंस रुड़की जनपद हरिद्वार उम्र करीब 35 वर्ष के रूप में हुई। आरोपी भंगेड़ी में शिफा मेडिकल स्टोर का संचालक है। पूछताछ में उसने बताया कि वह नशीले कैप्सूल एवं इंजेक्शन मुजफ्फरनगर उत्तर प्रदेश निवासी एक व्यक्ति से खरीदकर लाया था। बरामद दवाइयों के संबंध में पुलिस ने ड्रग इंस्पेक्टर से दूरभाष पर जानकारी प्राप्त की। ड्रग इंस्पेक्टर ने बताया कि उक्त दवाइयों में प्रयुक्त साल्ट एनडीपीएस अधिनियम के अंतर्गत निषिद्ध साइकोट्रॉपिक पदार्थ की श्रेणी में आते हैं। इसके आधार पर आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने बरामदगी में 79 ट्रामाडोल कैप्सूल (स्पैस्मोविल प्लस) एवं 8 ब्यूप्रेनॉर्फिन इंजेक्शन (2 एमएल) शामिल बताए हैं। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक पुष्पेन्द्र सिंह उपनिरीक्षक मुनव्वर हुसैन कांस्टेबल इतेन्द्र ध्यानी एवं कांस्टेबल बलवीर सिंह शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *