Spread the love

प्रदीप कुमार
जखोली-रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण नैनीताल के दिशा-निर्देशन तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की अध्यक्ष एवं जनपद न्यायाधीश नीना अग्रवाल के मार्गदर्शन में 26 नवंबर 2026 को संविधान दिवस के अवसर पर राजकीय महाविद्यालय जखोली में विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव पायल सिंह की अध्यक्षता में किया गया। कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं को भारतीय संविधान के निर्माण मौलिक अधिकारों मौलिक कर्तव्यों और लोकतांत्रिक मूल्यों के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। साथ ही उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने कानून का सम्मान करने तथा जिम्मेदार नागरिक के रूप में अपने संवैधानिक कर्तव्यों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया गया। सचिव पायल सिंह ने अपने संबोधन में भारतीय संविधान के ऐतिहासिक एवं राष्ट्रीय महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारतीय संविधान हमारे लोकतंत्र की आधारशिला है तथा प्रत्येक नागरिक के अधिकारों स्वतंत्रता और समानता का संरक्षक है। उन्होंने कहा कि संविधान में निहित मौलिक अधिकारों के साथ मौलिक कर्तव्य भी प्रत्येक नागरिक को उसकी सामाजिक एवं राष्ट्रीय जिम्मेदारियों का बोध कराते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से संविधान के आदर्शों को आत्मसात करने और अपने दैनिक जीवन में उनका पालन करने का आह्वान किया। संविधान दिवस के अवसर पर सचिव ने उपस्थित छात्र-छात्राओं महाविद्यालय के प्राध्यापकों और अन्य लोगों को भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन कराया। इसके बाद सभी ने संविधान में निहित न्याय स्वतंत्रता समानता और बंधुता के आदर्शों के प्रति निष्ठा व्यक्त करते हुए संविधान के मूल्यों एवं आदर्शों का पालन करने की शपथ ली। कार्यक्रम के अंत में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के पराविधिक स्वयंसेवकों ने बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति के दुष्परिणामों और इसकी रोकथाम के प्रति जागरूकता लाने के उद्देश्य से प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। नाटक के माध्यम से बाल विवाह के विरुद्ध संदेश देते हुए लोगों से इस कुप्रथा को रोकने तथा बच्चों के सुरक्षित एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए आगे आने का आह्वान किया गया। कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की भूमिका पात्र व्यक्तियों को निःशुल्क विधिक सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया तथा राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण की टोल फ्री विधिक सहायता हेल्पलाइन 15100 के संबंध में भी जानकारी दी गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *