Spread the love

प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। नवागत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र पींचा ने शुक्रवार 27 नवंबर को पुलिस कार्यालय पौड़ी में गार्द सलामी ग्रहण करने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी गढ़वाल के पद का विधिवत कार्यभार ग्रहण किया। कार्यभार ग्रहण करने के पश्चात उन्होंने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों से परिचय प्राप्त किया और विभिन्न शाखाओं एवं इकाइयों की कार्यप्रणाली के साथ जनपद की वर्तमान कानून-व्यवस्था अपराध नियंत्रण एवं पुलिसिंग से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने बेहतर समन्वय अनुशासन जवाबदेही एवं जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने पर जोर दिया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने पुलिस कार्यालय की समस्त शाखाओं का भ्रमण कर प्रत्येक शाखा में संचालित कार्यों एवं कार्यालयी व्यवस्थाओं का जायजा भी लिया। भ्रमण के दौरान उन्होंने शाखाओं में कार्यरत पुलिस कर्मियों से उनके कार्यों के संबंध में जानकारी प्राप्त की तथा कार्यों के त्वरित पारदर्शी एवं प्रभावी निष्पादन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। देवेन्द्र पींचा वर्ष 2016 बैच के भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारी हैं। अपने सेवाकाल के दौरान उन्होंने विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर कार्य करते हुए पुलिस प्रशासन कानून-व्यवस्था एवं जनसेवा के क्षेत्र में अनुभव अर्जित किया है। इससे पूर्व वह वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा सेनानायक 31वीं वाहिनी पीएसी पुलिस अधीक्षक चम्पावत एसपी क्राइम एवं ट्रैफिक नैनीताल तथा अपर पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंह नगर सहित विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। देवेन्द्र पींचा को वर्ष 2013 में केदारनाथ में आई दैवीय आपदा के दौरान बचाव एवं राहत कार्यों के लिए सराहनीय सेवा सम्मान चिन्ह से अलंकृत किया जा चुका है। वर्ष 2020 में पुलिस अधीक्षक रुद्रपुर के पद पर नियुक्ति के दौरान कोरोना महामारी में किए गए उत्कृष्ट कार्यों के लिए उन्हें उत्कृष्ट सेवा सम्मान चिन्ह से सम्मानित किया गया। वर्ष 2023 में पुलिस अधीक्षक चम्पावत के पद पर रहते हुए नशे के विरुद्ध चलाए गए अभियान में उत्कृष्ट कार्यों के आधार पर उत्तराखंड के राज्यपाल द्वारा उत्कृष्ट सेवा पदक प्रदान किया गया। इसके अलावा 15 अगस्त 2025 को उन्हें पुलिस महानिदेशक प्रशस्ति डिस्क गोल्ड से सम्मानित किया गया। पौड़ी गढ़वाल पुलिस परिवार ने नवागत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक का स्वागत एवं अभिनंदन किया। पुलिस परिवार ने उनके कुशल नेतृत्व एवं दिशा-निर्देशन में जनपद की कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने यातायात व्यवस्था बेहतर बनाने तथा आमजन की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण करने के लिए पूर्ण निष्ठा पारदर्शिता एवं टीम भावना के साथ कार्य करने की प्रतिबद्धता जताई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *