Spread the love

हरियाली विकास और जनसरोकार श्रीनगर में मंत्री धन सिंह रावत ने किया वृक्षारोपण दी कई घोषणाएं

प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। उत्तराखंड सरकार में कैबिनेट मंत्री डॉ.धन सिंह रावत ने मंगलवार को श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर वृक्षारोपण कर हरेला पर्व का शुभारंभ किया। उन्होंने अस्थाई एन.आई.टी परिसर,नेताजी सुभाष चंद्र बोस छात्रावास,राजकीय इंटर कॉलेज श्रीनगर,शारदानाथ घाट, होमगार्ड जिला प्रशिक्षण केंद्र और स्व. बिपिन रावत स्टेडियम परिसर में नींबू,कीनू समेत कई प्रजातियों के फलदार पौधे रोपे।मंत्री ने एन.आई.टी.के अस्थाई परिसर में निर्माण कार्यों का निरीक्षण कर गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए और बताया कि दिसंबर तक सभी निर्माण कार्य पूरे कर लिए जाएंगे। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान जल्द ही आवासीय बिल्डिंग का उद्घाटन करने श्रीनगर आएंगे। मेडिकल कॉलेज के 150 छात्रों के लिए छात्रावास का निर्माण भी अंतिम चरण में है,जिसका उद्घाटन शीघ्र होगा।उन्होंने कहा कि सुभाष चंद्र बोस आवासीय विद्यालय का उद्घाटन भी जल्द किया जाएगा। श्रीनगर में प्रस्तावित डिग्री कॉलेज की प्रक्रिया पहले से ही चल रही है। मंत्री डॉक्टर धन सिंह रावत ने “एक बच्चा,एक पेड़ माँ के नाम” अभियान की शुरुआत की घोषणा की और कहा कि श्रीनगर को टीबी मुक्त बनाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा।स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर उन्होंने कहा कि प्रत्येक वार्ड में आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए कैंप लगाए जाएंगे। इस वर्ष को कॉपरेटिव वर्ष के रूप में मनाते हुए स्वयं सहायता समूहों को स्वरोजगार के लिए ब्याज मुक्त ऋण दिया जाएगा। आवास योजना के तहत जरूरतमंदों के लिए एक करोड़ मकान बनाए जा रहे हैं।नगर निगम श्रीनगर को स्वच्छता में प्रथम स्थान पर लाने की दिशा में प्रयास तेज किए जा रहे हैं। 1100 करोड़ रुपये की लागत वाली मैरीन ड्राइव परियोजना का सर्वे अंतिम चरण में है। मंत्री ने बताया कि धारी देवी मंदिर क्षेत्र में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पार्किंग बनाई जाएगी ताकि जाम की स्थिति न हो। अलकेश्वर घाट का सौंदर्यीकरण किया जाएगा और शीघ्र ही उसका शिलान्यास भी होगा।श्रीनगर में हो रहे विकास कार्यों के साथ-साथ सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं।होमगार्ड प्रशिक्षण केंद्र व स्टेडियम के किनारे सुरक्षा दीवार बनाई जाएगी जिससे बरसात के समय कटाव से बचाव हो सके।साथ ही क्वार्टर गार्ड निर्माण के लिए पेयजल निर्माण निगम को इस्टीमेट तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। मंत्री ने जनता से अपील की कि “एक पेड़ अवश्य लगाएं,लेकिन उसकी देखरेख कम से कम एक साल तक अवश्य करें।”इस कार्यक्रम में उपस्थित श्रीनगर मंडल अध्यक्ष विनय घिल्डियाल,जिला मीडिया प्रभारी गणेश भट्ट,जिला व्यापार सभा अध्यक्ष वासुदेव कंडारी,सुधीर जोशी,आशा उपाध्याय,महिला मोर्चा पार्षद गण आदि लोग उपस्थित थे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *