राष्ट्र सेवा में बलिदान देने वाले वीर सपूतों को चमोली पुलिस की भावपूर्ण श्रद्धांजलि
प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल।21 अक्टूबर का दिन हर वर्ष भारतीय पुलिस बल के लिए विशेष महत्व रखता है। यह दिन राष्ट्रीय पुलिस स्मृति दिवस के रूप में मनाया जाता है,जब हम उन साहसी साथियों को नमन करते हैं,जिन्होंने अपने कर्तव्य की वेदी पर अपने प्राण न्यौछावर कर दिए। यह अवसर हमें याद दिलाता है कि मातृभूमि की रक्षा में कितने पुलिसकर्मियों ने अपने जीवन की परवाह किए बिना अपने सर्वस्व की आहुति दी।आज दिनांक 21 अक्टूबर 2025 को पुलिस अधीक्षक चमोली सर्वेश पंवार के निर्देशन में चमोली पुलिस द्वारा पुलिस लाईन गोपेश्वर एवं जनपद के समस्त थाना/चौकियों में शहीद पुलिस कर्मियों की स्मृति में श्रद्धांजलि अर्पित की गई। पुलिस लाईन गोपेश्वर में स्थित शहीद स्थल पर सीएफओ गिरीश बिष्ट व उपस्थित समस्त अधिकारी/कर्मचारियों द्वारा पुष्प चक्र अर्पित कर दो मिनट का मौन रखकर उन वीरों को श्रद्धांजलि दी,जिन्होंने नागरिकों की सुरक्षा एवं राष्ट्र सेवा में अपने प्राणों की आहुति दी।पिछले वर्ष,अर्थात 1 सितंबर 2024 से 31 अगस्त 2025 के बीच,पूरे देश में 186 पुलिस एवं अर्द्धसैनिक बलों के अधिकारियों और कर्मियों ने मातृभूमि की रक्षा करते हुए बलिदान दिया। इनमें उत्तराखंड के 4 जवान अ.उ.नि.पुष्कर चन्द्र जोशी,अ.उ.नि.संजीव नयन जगूड़ी,आरक्षी धनराज एवं आरक्षी गोकुल लाल शामिल हैं,जिन्होंने शौर्य के साथ अपने कर्तव्यों का पालन करते हुए वीरगति प्राप्त की।चमोली पुलिस परिवार अपने शहीदों के साहस,बलिदान और समर्पण को नमन करता है।उनकी कुर्बानी हमें सतत याद दिलाती है कि राष्ट्र सेवा सर्वोपरि है।
