Spread the love

श्री गुरु राम राय पब्लिक स्कूल गोपेश्वर में यातायात जागरूकता अभियान: छात्रों ने सीखे सड़क सुरक्षा के गुर

प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल।आज दिनांक 29 अक्टूबर को यातायात निरीक्षक चमोली योगेश सक्सेना द्वारा श्री गुरु राम राय पब्लिक स्कूल,गोपेश्वर में एक विशेष यातायात जागरूकता,साइबर सुरक्षा,नशा मुक्ति एवं गुड समेरिटन अभियान का आयोजन किया गया।कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा,ट्रैफिक नियमों और सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति जागरूक करना था।इस जागरूकता कार्यक्रम में लगभग 400 से 500 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।कार्यक्रम की शुरुआत में यातायात निरीक्षक ने विद्यार्थियों को यातायात संकेतों,नियमों,सड़क पर चलने के सही तरीके,हेलमेट और सीट बेल्ट के महत्व,मोबाइल पर बात करते हुए वाहन चलाने से होने वाले ख़तरों के बारे में विस्तार से बताया।कार्यक्रम का सबसे रोचक और प्रभावशाली भाग तब रहा जब छात्रों को विद्यालय से बाहर सड़क पर लाया गया,जहाँ यातायात निरीक्षक सक्सेना ने उन्हें भौतिक रूप से ट्रैफिक नियमों की जानकारी दी।छात्रों ने स्वयं सड़क पार करने के सही तरीके सीखे,सिग्नल की बत्तियों के अर्थ समझे,और यह देखा कि ट्रैफिक नियमों का पालन न करने से सड़क पर किस प्रकार खतरा उत्पन्न होता है।यही नहीं,मौके पर नियमों का उल्लंघन करते पाए गए कुछ वाहन चालकों को रोककर छात्रों की उपस्थिति में ही उन्हें ट्रैफिक नियमों के पालन की महत्ता समझाई गई।इस दौरान छात्र स्वयं आगे बढ़कर वाहन चालकों से शालीनता के साथ ट्रैफिक नियमों का पालन करने की अपील करते नज़र आए-यह दृश्य देखने वालों के लिए प्रेरणादायक रहा।इसके साथ ही उन्होंने नशे के दुष्प्रभावों पर भी प्रकाश डालते हुए बताया कि नशा व्यक्ति की सोच,समझ और निर्णय क्षमता को नष्ट कर देता है,जिससे न केवल स्वयं की बल्कि दूसरों की जान भी खतरे में पड़ती है।साइबर अपराध के विषय में उन्होंने छात्रों को बताया कि इंटरनेट का प्रयोग सोच-समझकर करें,अपनी निजी जानकारी किसी अनजान व्यक्ति या वेबसाइट पर साझा न करें,और किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस को दें।विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं शिक्षकों ने चमोली पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम न केवल छात्रों को ज्ञान प्रदान करते हैं,बल्कि उनमें जिम्मेदारी और सामाजिक चेतना का विकास भी करते हैं।कार्यक्रम के अंत में योगेश सक्सेना ने सभी विद्यार्थियों से कहा कि वे अपने परिवार,दोस्तों और समाज को भी यातायात नियमों के पालन हेतु प्रेरित करें,क्योंकि सुरक्षित यातायात ही सुरक्षित जीवन की गारंटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp