Spread the love

गढ़वाल विश्वविद्यालय के अंबेडकर उत्कृष्टता केंद्र में मेधावी छात्रों के लिए सिविल सेवा निःशुल्क कोचिंग हेतु आवेदन प्रारंभ

प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के डॉ.अंबेडकर उत्कृष्टता केंद्र (डीएसीई) में सत्र 2025-26 के लिए संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) और राज्य लोक सेवा आयोग (SPSC) की निःशुल्क कोचिंग योजना के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। यह योजना भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय द्वारा संचालित की जा रही है। इस योजना के अंतर्गत अनुसूचित जाति (SC),अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) तथा पीएम केयर्स फॉर चिल्ड्रन स्कीम के अंतर्गत आने वाले पात्र एवं मेधावी विद्यार्थियों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। केंद्र में प्रतिवर्ष 100 अभ्यर्थियों को सिविल सेवा परीक्षाओं की तैयारी हेतु चयनित कर प्रशिक्षण दिया जाता है। सभी चयनित विद्यार्थियों को भारत सरकार द्वारा ₹4000 प्रतिमाह स्टाइपेंड प्रदान किया जाता है। केंद्र के समन्वयक प्रो.एम.एम.सेमवाल ने बताया कि ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 5 नवंबर 2025 से प्रारंभ हो चुकी है और आवेदन की अंतिम तिथि 25 नवंबर 2025 निर्धारित की गई है। आवेदन केवल उन्हीं अभ्यर्थियों के लिए मान्य हैं जिनकी वार्षिक पारिवारिक आय ₹8 लाख से कम है। उन्होंने बताया कि चौरास परिसर स्थित केंद्र में चयनित अभ्यर्थियों को 12 माह तक गहन प्रशिक्षण दिया जाता है। कोचिंग में सिविल सेवा परीक्षाओं के प्रारंभिक (Pre) एवं मुख्य (Mains) दोनों चरणों की तैयारी कराई जाती है।इसके लिए विश्वविद्यालय द्वारा विषय विशेषज्ञ शिक्षकों की नियुक्ति की गई है। पिछले तीन वर्षों में केंद्र से प्रशिक्षित कई विद्यार्थियों ने उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की है। इनमें उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (PCS), त्रिपुरा राज्य लोक सेवा आयोग,सचिवालय समीक्षा अधिकारी,सीडीएस,एसएससी,दिल्ली पुलिस,भारतीय खाद्य निगम (FCI) और नेट-जेआरएफ जैसी प्रतिष्ठित परीक्षाओं में चयनित छात्र शामिल हैं। प्रो.सेमवाल ने बताया कि योजना की अधिक जानकारी एवं आवेदन प्रक्रिया हेतु इच्छुक अभ्यर्थी हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट या समर्थ एडमिशन पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp