Spread the love

मुख्य विकास अधिकारी ने विकास योजनाओं की समीक्षा की: बाधाओं के समाधान के लिए विभागों में बेहतर समन्वय बनाने के दिए निर्देश

प्रदीप कुमार
रूद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल।मुख्य विकास अधिकारी राजेन्द्र सिंह रावत की अध्यक्षता में आज विकास भवन सभागार में वित्तीय वर्ष 2025-26 के अंतर्गत संचालित जिला सेक्टर/राज्य सेक्टर/केंद्र पोषित/बाह्य सहायतित योजनाओं,बीस सूत्री कार्यक्रमों तथा ₹5 करोड़ से अधिक लागत वाली योजनाओं की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा क्रियान्वित योजनाओं की प्रगति,अब तक हुए व्यय,शेष बजट एवं आगामी कार्ययोजना पर विभागवार समीक्षा की गई। मुख्य विकास अधिकारी ने विभागों से योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति की जानकारी प्राप्त करते हुए कहा कि प्रत्येक विभाग अपने-अपने कार्यों की वित्तीय प्रगति को निर्धारित समयसीमा में सुनिश्चित करें। उन्होंने निर्देश दिए कि आवंटित बजट के सापेक्ष व्यय में तेजी लाई जाए और शेष बजट का प्रभावी उपयोग प्राथमिकता से किया जाए ताकि विकास कार्य समय पर पूरे हो सकें। मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु विभाग शीघ्र बीजक तैयार कर कोषागार में भुगतान हेतु प्रेषित करना सुनिश्चित करें,जिससे कार्यों की गति और तीव्र हो सके। उन्होंने यह भी कहा कि विभाग योजनाओं के कार्यान्वयन में आने वाली चुनौतियों एवं बाधाओं के समाधान के लिए आपसी समन्वय बनाकर समयबद्ध कार्यप्रणाली अपनाएँ। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि योजनाओं के क्रियान्वयन में गुणवत्ता एवं पारदर्शिता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। सीडीओ ने कहा कि योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग से न केवल वित्तीय प्रगति सुनिश्चित होगी बल्कि जनता तक योजनाओं का वास्तविक लाभ भी पहुँच सकेगा। बैठक में लोक निर्माण,सिंचाई,ग्रामीण निर्माण,कृषि,उद्योग,स्वास्थ्य,शिक्षा,आयुर्वेद,पर्यटन, मत्स्य,समाज कल्याण,युवा कल्याण,क्रीड़ा आदि विभागों की वित्तीय प्रगति पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी संदीप भट्ट,मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.राम प्रकाश,अधिशासी अभियंता सिंचाई खुशवंत चौहान,अधिशासी अभियंता ग्रामीण निर्माण विभाग मीनल गुलाटी,जिला पर्यटन विकास अधिकारी राहुल चौबे,जिला समाज कल्याण अधिकारी टी.आर.मलेठा,जिला क्रीड़ा अधिकारी मनोज सिंह चौहान,जिला युवा कल्याण अधिकारी वरद जोशी,अधिशासी अभियंता लोनिवि रुद्रप्रयाग इंद्रजीत बोस,अधिशासी अभियंता लोनिवि उखीमठ राम प्रकाश नैथानी सहित जनपद के सभी जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp